Showing posts with label भोर. Show all posts
Showing posts with label भोर. Show all posts

Wednesday, June 14, 2017

यार हमारी बात सुनो.......

भोर सिंह ने एक-दो छापेमारी क्या कर दी? मिलावटखोरों को क्या पकड़ लिया, अपने रांची शहर में हर तरफ ईमानदार ही ईमानदार नजर आने लगे हैं अर्थात् हर क्षेत्र से बेईमानों की टीम, ईमानदार बनकर भोर सिंह की जय-जयकार कर रही है, उसमें अखबार के संपादक व पत्रकार भी शामिल हो गये, ये वहीं पत्रकार और संपादक है, जो कभी भोर सिंह यादव को ही कटघरे में खड़ा कर दिया था, यह कहकर कि अहले सुबह भी कहीं हेलमेट जांच किया जाता है, ये अलग बात है कि जब चारो तरफ उनकी थू – थू होने लगी तो उन्हें ख्याल आया कि वे गलत पर है, यहीं नहीं  लगातार कश्मीर को पाकिस्तान का अंग बतानेवाले अखबार अब मिलावटखोरी पर संपादकीय लिख रहे है, सेक्स-कमजोरी के नाम पर युवाओं को दिग्भ्रमित करनेवाले विज्ञापन को छापने वाले समाज हित की बात कर रहे है...
भाई एक बात बता दूं, जैसे तेल, दूध और बीज में मिलावट करनेवालों को मत छोड़िये, उसी प्रकार युवाओं को दिग्भ्रमित करनेवाले समाचार और विज्ञापन छापनेवाले अखबारों को भी मत छोड़िये, क्योंकि ये भी बराबर के अपराधी है...
मैं तो सीधे यहीं कहूंगा ऐसा लिखनेवाले और ऐसा बोलनेवाले तथा आंदोलन करनेवालों को, कि वे फिल्म रोटी का गाना सुने...
गाने के बोल है...
यार हमारी बात सुनो...
ऐसा एक बेईमान सुनो...
जिसने पाप न किया हो, जो पापी न हो...
एक बात और,
कानून को अपना काम करने दीजिये, कानून अपना काम करेगा। एक बात और, दुनिया में दो प्रकार के कानून है – एक कानून जो व्यक्ति बनाया है, और दूसरा कानून जो प्रकृति का है।
आप मनुष्य के द्वारा बनाये गये कानून को धोखा दे सकते है, पर ईश्वर के बनाये गये कानून को धोखा नहीं दे सकते, इसलिए सभी अपना-अपना काम करें, ईमानदारी बरतें और झारखण्ड का नाम रोशन करें।
आज तो मैं ये भी देख रहा हूं कि भोर सिंह को लेकर उनकी जाति के लोग भी आंदोलन पर उतर आये है, वे नगर विकास मंत्री का पुतला दहन कर रहे है, भाई भोर सिंह सिर्फ यादवों के एसडीओ थे क्या?  अब जिस जाति का एसडीओ बनेगा, उस जाति के लोग उस एसडीओ का जिम्मा लेंगे क्या?  अरे भाई, वो एसडीओ है, उसे भी डीडीसी, डीसी और पता नहीं क्या-क्या?  बनना है, और बनने की इच्छा रखता है, क्या वह आपके लिए सदा के लिए एसडीओ ही बनकर रह जाये? ये क्या अंधेरगर्दी है भाई? जिसको देखो, हर बात में जातीयता घूसेर दे रहा है, अच्छे लोगो की सराहना थोड़ा सभी जाति के लोग करें, तो अच्छा है। ये एक ही जाति के लोग प्रदर्शन और पुतला दहन करने की सोच रखेंगे तो इस राज्य का क्या हालत होगा?  क्या हम सचमुच आगे बढ़ रहे है, या नीचे जा रहे है? हद कर दी है, सबने। हर जगह राजनीति, भोर सिंह का स्थानान्तरण हो गया तो गलत, भोर सिंह का स्थानान्तरण नहीं हुआ तो गलत,
भोर सिंह के समय का अधिकारी, सब का प्रमोशन हो गया और इसके साथ ही भोर सिंह का भी हो गया तो भी गलत और नहीं हुआ तो भी गलत। ऐ भाई, ऐसे में तो, हम मिलावटखोरी वाला सामान नहीं भी खायेंगे, तब भी ब्रेन हेमरेज हो जायेगा...

Thursday, June 8, 2017

भोर महाशय सावधान.................

भोर महाशय सावधान...
आप राजनीति के शिकार हो रहे है...
दुनिया में जब भी कोई व्यक्ति जो समाज व देश हित में अच्छा काम करता है, और जब वह राजनीति का शिकार होता है, तब सर्वाधिक नुकसान जनता और उस व्यक्ति का होता है, जो बेहतर काम कर रहा होता है...
यह मैं इसलिए लिख रहा हूं कि पहली बार एक अधिकारी रांची को मिला, जिसने राजधानीवासियों में प्रशासन के प्रति विश्वास जगाया है, लोगों को लगा है कि यह व्यक्ति मेरा नहीं, हमारा है, ऐसे मैं कुछ स्वार्थी राजनीतिक तत्व इसका सियासी फायदा लेने से नहीं चूक रहे...
वे तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे है, ताकि इसका सीधा फायदा उन्हें राजनीतिक लाभ के रुप में प्राप्त हो...
ये सारे राजनीतिक दल से जुड़े लोग अब सामाजिक कार्यकर्ता के रुप में स्वयं को प्रतिष्ठित कर, आप के प्रति अपनी निष्ठा दिखा रहे है, ताकि आनेवाले समय में वे जनता के बीच में एक सच्चा और अच्छा व्यक्ति स्वयं को दिखा सकें।
ये आजकल एसडीओ कार्यालय जाकर, आपको बुके दे रहे है, कोई मार्निंगवाक के बहाने पैदल मार्च कर रहा है और अपनी राजनीतिक रोटी सेंक रहा है, जबकि सामान्य जनता को इससे कोई लेना देना नहीं।
मैंने स्वयं देखा कि 5 जून को मोराबादी मैदान में जदयू का नेता, मार्निंग वाक के बहाने पैदल मार्च में भाग लिया और आप के समर्थन में भाषण देने लगा। एक-दो दिन पहले एक भाकपा माले नेता को देखा कि वह भी सामाजिक कार्यकर्ता के रुप में आपको अपना नैतिक समर्थन देने पहुंच गया। ये दो उदाहरण काफी है कि भोर सिंह यादव को लेकर राजनीतिक रोटियां सेंकी जा रही है।
दूसरी ओर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को रांची विश्वविद्यालय कार्यालय परिसर में जायज मांगों को लेकर उन्हें धरना-प्रदर्शन करने से रोकना और विश्व हिन्दू परिषद के कार्यालय में जाकर उन्हें अपना कार्य करने से रोकना यह भी कोई अच्छा संदेश नहीं दे रहा है। आपका काम कानून-व्यवस्था को ठीक रखना है और इसमें जो कोई अड़ंगा लगाये, उसे पकड़िये और कानून के तहत सजा दिलवा दीजिये, सबका दिमाग ठंडा हो जायेगा, पर किसी को मिले लोकतांत्रिक अधिकार पर हमला करने की छूट तो किसी को नहीं, क्योंकि कुछ सवाल अब लोगों के दिमाग में स्वतः उपजने लगे है...
सवाल है, क्या आपके समर्थन में जिन लोगों ने मोराबादी मैदान में पैदल मार्च निकाला, क्या उनलोगों ने इसके लिए प्रशासन से आदेश लिया था? और जब आदेश लिया ही नहीं तो फिर उस पैदल मार्च में एक जदयू नेता ने किस हैसियत से भाषण दिया और उन पर क्या कानूनी कार्रवाई हुई?
ऐसा तो नहीं कि कोई व्यक्ति या संस्थान प्रशासनिक व्यक्ति के पक्ष में कोई आंदोलन करें तो उसे छूट और बाकी लोग करें तो उन्हें कानून का डंडा दिखाकर चुप करा दिया जाय।
ये बातें, मैंने इसलिए लिखा है कि आप पर लोगों को बहुत भरोसा है, और इसमें केवल जदयू, कांग्रेस, भाकपा माले ही नहीं, बल्कि और भी जितने दल है, या अच्छे लोग है, या संस्थान है, वह आपको पसंद कर रहे है, कृपया आप इस सम्मान के झूठे लालच में नहीं पड़े।
सम्मान क्या होता है? जरा इस आदिवासी महिला का दास्तान सुनिये...
वह प्रतिदिन रांची के मेन रोड स्थित महावीर मंदिर में पत्तल बनाने का काम और बेचने का काम करती है, अचानक जब बजरंगियों का हुजूम देखा और इधर उसका विरोध करनेवाले एक समुदाय की तैयारी देखी, तो वह कांप गयी, वो सोचने लगी कि वह घर कैसे जायेगी? अगर कुछ हुआ तो? पर आपकी व्यवस्था देख, प्रसन्नचित्त वह घर गयी,  उसके मन में उपजा भय समाप्त हुआ। अब जरा सोचिये, जब वह घर पहुंची होगी, तो आपको वह कितनी दुआएं दी होगी, यह समझने की आवश्यकता है, आपको ऐसे ही दुआओं की आवश्यकता होनी चाहिए, न कि झूठी सम्मान और झूठे समर्थन की। बस आप अपना काम करते रहिये, लोग मुक्त कंठ से आपको दुआएं दे रहे है, पर हां, याद रखियेगा...
जीवन में ईमानदारी जरुरी है, न कि राजनीति... 

Sunday, June 4, 2017

हमें भोर पसन्द है..........

भला भोर किसे पसन्द नहीं होगा। जब से दुनिया बनी, लोगों को अंधकार की जगह प्रकाश अर्थात् भोर ही ज्यादा भाया है। झारखण्ड में ऐसे तो कई अनुमंडलाधिकारी है, पर हमसे पूछा जाय तो, मैं कहूंगा कि एक ही अनुमंडलाधिकारी है, जिसका नाम भोर सिंह यादव है क्योंकि जो जनता की अपेक्षाओं पर खड़ा उतरे, वो अनुमंडलाधिकारी और जो जनता की बजाय नेताओं, देश के दुश्मनों के पिछलग्गू बने, वो खुद क्या है?  खुद ही बताये तो ज्यादा अच्छा रहेगा।
फिलहाल रांची के एसडीओ भोर सिंह यादव ने कई नेताओं, बिल्डरों, दो नंबर का काम करनेवाले अखबारों-पत्रकारों, मिलावटखोरी का धंधा करनेवाले कारोबारियों और दंगा में महारत हासिल करनेवाले दंगाइयों की हालत पस्त कर दी है, और जैसे ही इन लोगों के हालत पस्त होने शुरु हुए है, सभी ने मिलकर अब भोर सिंह यादव को हटाने के लिए हाथ मिला लिया है, जिसका परिणाम है आज रांची कोर्ट में भोर सिंह यादव के खिलाफ दायर मुकदमा। ऐसे तो इतिहास गवाह है कि जैसे ही आप अच्छा काम करना शुरु करेंगे, लोग आपको ऐसा केस में उलझायेंगे कि आपकी नानी-दादी याद आ जायेगी, पर क्या हम इन झूठे मुकदमों से डरकर, अच्छा काम करना बंद कर देंगे? उत्तर होगा – नहीं।
आप रांची की आम जनता से पूछिये, सभी ने भोर सिंह यादव को अपने दिल में स्थान दे रखा है, आखिर क्या कर दिया है भोर सिंह यादव ने, कि लोग उसके पीछे पागल हो गये है?  ये सवाल आज हर जगह चर्चा में है। मैं स्वयं पिछले 37 सालों से पत्रकारिता कर रहा हूं, पर आज तक मैंने ऐसा लोकप्रिय युवा एसडीओ नहीं देखा।
याद करिये, अभी कोई ज्यादा दिन नहीं हुआ है, घटना 20 अप्रैल की है, भोर सिंह यादव रांची की सड़कों पर अहले सुबह पहुंच गये, हेलमेट जांच करने हेतु, कुछ लोगों को उनका यह काम बहुत ही अच्छा लगा था, पर रांची से प्रकाशित प्रभात खबर को यह अच्छा काम, इतना बुरा लगा कि उसने दूसरे दिन 21 अप्रैल को पृष्ठ संख्या 2 में एसडीओ भोर सिंह यादव को ही कटघरे में खड़ा कर दिया, जिसकी हमने अपने फेसबुक में कड़ी आलोचना की थी और एसडीओ भोर सिंह यादव के इस सुंदर कार्य का समर्थन किया था। फेसबुक में मेरे द्वारा भोर सिंह यादव के इस कार्य का समर्थन का प्रभाव यह पड़ा कि प्रभात खबर को अंत में, बैकफूट पर जाना पड़ा तथा दूसरी ओर भोर सिंह यादव अपने कामों में बिना किसी लाग-लपेट के सेवा-भाव से लगे रहे।
इसी बीच कभी हेलमेट पहनने को प्रेरित करने का काम...
कभी मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई...
तो कभी बड़गाई बस्ती में उठी सांप्रदायिकता की आग को जड़ से उखाड़ फेकने के लिए सक्रिय होने का कार्य...
भोर सिंह यादव को और अधिक लोकप्रिय बना दिया...
स्थिति ऐसी हो गयी है कि रांची की आम जनता यह मानने को तैयार ही नहीं, कि रांची के एसडीओ भोर सिंह यादव किसी से दस लाख रुपये की डिमांड कर सकते है, हालांकि ये पूरा मामला अब धीरे-धीरे क्लियर होता जा रहा है, कि भोर सिंह यादव द्वारा आखिर दस लाख रुपये की डिमांड का आरोप क्यों लगाया जा रहा है...
इधर भोर सिंह यादव द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ की गयी कार्रवाई के बाद कुछ व्यापारियों द्वारा अपने कारोबार को एक दिन के लिए बंद रखने का काम, रांची की जनता को रास नही आया है।
हालांकि सुनने में आया है कि गलत कार्य करनेवाले व्यापारियों और राजनीतिज्ञों का दल रघुवर सरकार पर दबाव बना रहा है कि भोर सिंह यादव की रांची से विदाई कर दी जाय, पर आम जनता के बीच लोकप्रिय भोर सिंह यादव की बिदाई इतना आसान नहीं, क्योंकि भोर सिंह यादव के लिए राजधानी रांची की जनता, रांची की सड़कों पर उतरने के लिए तैयार है, कुछ युवा शक्तियां तो अभी से आंदोलन के मूड में है...
इसलिए भोर सिंह यादव जी, बधाई आपको, रांची की जनता आपके साथ, तो फिर डर किस बात का...
लगे रहिये और असामाजिक तत्वों को उनकी औकात बताते रहिये...
हमारी ओर से ढेर सारी आपको शुभकामनाएं...

Friday, April 21, 2017

प्रभात खबर के कारनामे..............

हम 100 प्रतिशत आश्वस्त है कि कल रांची के एसडीओ भोर सिंह यादव ने जरुर प्रभात खबर के किसी पत्रकार या वहां कार्यरत किसी खास व्यक्ति के दुखती रग पर हाथ रख दिया होगा, उसकी बात नहीं मानी होगी, जिसको लेकर प्रभात खबर ने अपना पृष्ठ संख्या 2, रांची के एसडीओ भोर सिंह यादव के खिलाफ रंग दिया।
मामला क्या है? इसे जानिये...
रांची एसडीओ ने कल सुबह करीब पौने 6 बजे यातायात जांच अभियान प्रारंभ किया, जिसमें करीब 150 से ज्यादा लोग यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़े गये। प्रभात खबर के अनुसार और पकड़े गये लोगों के अनुसार इतनी सुबह यातायात जांच अभियान नहीं चलाना चाहिए। अरे भाई तो तुम्ही बताओ, कब चलाना चाहिए? और कैसे चलाना चाहिए? क्या रांची एसडीओ को यातायात नियम तोड़नेवालों से पूछकर यातायात जांच अभियान चलाना चाहिए कि आप कब घर से निकल रहे है? कब यातायात नियम तोड़ रहे होंगे? ताकि हम आपके इस नियम तोड़ने के क्रम में आपका बाधक नहीं बने।
प्रभात खबर ये बताये कि जो उसने “पीड़ा एक आम आदमी की” के नाम से जो कुछ भी लिखा है। उस आम आदमी का नाम क्यों नहीं लिखा? जबकि वह पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री और झारखण्ड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का ध्यान आकृष्ट करा रहा है। इसका मतलब क्या है? इतनी मूर्ख तो रांची की जनता नहीं।
क्या प्रभात खबर इन सवालों का जवाब दे सकता है?
• क्या दुर्घटना समय देखकर होती है?
• क्या वाहन चालकों को यातायात नियमों को तोड़ने के लिए एक खास समय प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराना चाहिए?
• गलत करनेवालों को तो गलत का परिणाम तो स्वयं ही भुगतना होगा, इसके लिए कोई विशेष सहायता देने का प्रावधान कानून में उल्लिखित है क्या?
ढाई घंटे के बाद जुर्माने की रसीद काटी गयी तो इसके लिए भी दोषी वे लोग है, जो यातायात नियमों का उल्लंघन करते है, ऐसी घटना गर होने लगे तो फिर कोई यातायात नियमों को तोड़ने के पूर्व दस बार सोचेगा कि इसके परिणाम क्या हो सकते है, कम से कम रांची एसडीओ ने किसी के साथ गलत तो नहीं किया। यहां पर ऐसे कोई भी अच्छा काम करिये, यहां तो बदनाम करनेवाले लोगों को एक मौका चाहिए, जैसा मौका प्रभात खबर को आज मिल गया।
बधाई, रांची के एसडीओ भोर सिंह यादव को, जिन्होंने अपने विवेकपूर्ण कार्यों से स्थिति पर नियंत्रण किया और लोगों को एक संदेश भी दिया कि उनका जीवन कितना महत्वपूर्ण है, उनके परिवारों के लिए...