Showing posts with label संजय कुमार. Show all posts
Showing posts with label संजय कुमार. Show all posts

Saturday, February 25, 2017

झारखण्ड में कनफूंकवों का शासन........

झारखण्ड में कनफूंकवों का शासन...
कनफूंकवों का एक सूत्री कार्यक्रम, मुख्यमंत्री रघुवर दास का चेहरा चमकाना और उसकी आड़ में अपना आधार मजबूत करना...
और अपनी सारी गलतियों के लिए एक व्यक्ति विशेष को जिम्मेवार ठहरा देना, जो इस राज्य में एक दिन भी ठहरना नहीं चाहता, हमारा इशारा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार की ओर है। इसी बीच कनफूंकवों ने प्रोजेक्ट बिल्डिंग, मुख्यमंत्री आवास और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग पर अपना झंडा फहरा दिया है। इन कनफूंकवों की ताकत इतनी बढ़ गयी है कि इसके खिलाफ बोलने का मतलब मुख्यमंत्री रघुवर दास का कोपभाजन बनना, क्योंकि मुख्यमंत्री रघुवर दास को सिर्फ ठकुरसोहाती वाले लोग पसंद हो गये है, जो भी उनको आइना दिखाता है, वे उस पर ऐसे टूट पड़ते है, जैसे भूखा सिंह किसी जानवर पर टूट पड़ता है...
इसी बीच कनफूंकवों के शासन में प्रत्यक्ष रूप से दखल देने के कारण बहुत सारे ईमानदार आईएएस आफिसर फिलहाल किंकर्तव्यविमूढ़ की स्थिति में आ गये है, परिस्थितियों को देख वे मुख्यमंत्री रघुवर दास की हर बातों में हां में हां मिला रहे है, क्योंकि वे जानते है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास को सिर्फ और सिर्फ कनफूंकवों की बात ही पसंद है।
इधर कनफूंकवों के शासन में आ जाने का प्रभाव देखिये....
1. पलामू के पांकी में दो महिलाओं को जिंदा जला दिया गया...
2. महेश भट्ट जैसे फिल्मकार ने सरकार के कार्यशैली पर अंगूली उठा दी...
3. 23 फरवरी को पलामू में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों पर पुलिस ने निर्ममतापूर्वक लाठियां भांजी, जिसमें कई की हालत गंभीर है...
4. इधर पलामू में छात्रों के उपर हुए हमले को लेकर बुलाया गया पलामू प्रमंडल बंद का पूरे पलामू प्रमंडल पर व्यापक असर पड़ा है, कल का पलामू बंद स्वतः स्फूर्त रहा, पर इस बंद का असर कनफूंकवों या यहां के मुख्यमंत्री रघुवर दास पर पड़ेगा, इसकी संभावना कम दिखाई पड़ रही है, क्योंकि वर्तमान में यहां का मुख्यमंत्री घमंड में चूर है।
5. कनफूंकवों के इशारे पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पलामू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपने विरोधियों को धमकी दे डाला है कि जो विकास की राह में बाधा डालेंगे वे दंडित किये जायेंगे, यानी उनका इशारा विरोधी दलों के नेता तथा भाजपा विधायकों और मंत्रियों की ओर था, जो सरकार में ही रहकर, मुख्यमंत्री रघुवर दास के जनविरोधी नीतियों का खुला विरोध कर रहे है...
ये तो कुछ उदाहरण है, इधर जब से राज्य के कई प्रमुख अखबारों ने सरकार की आरती उतारने में थोड़ी कोताही बरती है, उन्हें भी कनफूंकवों ने धमकी देने का प्रयास किया है, उनका कहना है कि जो सरकार की आरती नहीं उतारेंगे, उन्हें विज्ञापन देने पर रोक लगायी जाय... ...इधर विज्ञापन रोके जाने की परवाह किये बिना कुछ अखबारों ने अपना पैंतरा बदला है, तथा सही खबरें देने शुरू कर दिये है, जिसमें हिन्दुस्तान फिलहाल प्रथम स्थान पर है...
अखबारों में मोमेंटम झारखण्ड समाप्त होने के बाद जब से सही खबरें प्रमुखता से स्थान लेने लगी है, सरकार की नींद उड़ गयी है। कनफूंकवों ने इसके लिए भी मुख्यमंत्री रघुवर दास से शिकायत कर दी और कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार जिम्मेवार है। दूसरी ओर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के निदेशक की नींद उड़ी हुई है, कैसे समाचार पत्रों को मैनेज करें, उन्हें सूझ ही नहीं रहा, इसलिए वे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विद्वान और मुख्यमंत्री के प्रेस एडवाइजर के शरण में जाकर अपनी बुद्धि बढ़ाने के लिए विशेष नुस्खे पर काम करना प्रारम्भ कर दिया है... इधर अखबारों ने जब से सही खबरे प्रकाशित करनी प्रारंभ की है, लोगों में आशा का संचार हुआ है, उन्हें लगता है कि अब जनहित में समाचार देखने को मिलेंगे, बाकी चैनलों का हाल तो वहीं है, वो क्या कहते है, अभी भी वे यहीं भजन गा रहे है – रघुवर शरणम् गच्छामि, कनफूंकवां शरणम् गच्छामि...

Tuesday, February 21, 2017

आखिर क्यों झारखण्ड छोड़ना चाहते हैं संजय कुमार........

आखिर क्यों झारखण्ड से जाना चाहते है संजय कुमार...
जिनकी नियुक्ति स्वयं मुख्यमंत्री रघुवर दास करते हो, जिनकी नियुक्ति तीन साल के लिए हुई हो, वह शख्स दो साल में ही झारखण्ड क्यों छोड़ना चाहेगा?, कुछ न कुछ तो कारण होगा, कारण क्या है?  हम आपको बतायेंगे, क्योंकि किसी में हिम्मत ही नहीं कि सच दिखाये या सच बताये...
मेरे विचार से, ईश्वर जो करता है, अच्छा करता है...
मैंने सपने भी नहीं सोचा था कि कभी सरकार के लिए काम करना पड़ेगा... पर एक व्यक्ति विशेष के कथन पर, जिनकी बातों को मैं ठुकरा नहीं सकता था, सरकार के लिए काम किया...
इसी दौरान मेरी पहली मुलाकात 5 जनवरी 2016 को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार से हुई। इसी बीच कई अखबारों और पत्र-पत्रिकाओं में इनके खिलाफ अनाप-शनाप छपते रहे, पर मेरा मन कभी नहीं माना कि संजय कुमार ऐसा करते होंगे, जैसा कि आरोप उन पत्र-पत्रिकाओं ने लगाया था, क्योंकि मुझे आदमी पहचानना आता है।
संजय कुमार की सबसे बड़ी विशेषताएं है कि वे प्रतिभा, योग्यता, बुद्धिमता, सादगी जीवन व्यतीत करनेवाले लोगों का बड़ा आदर करते है, वे ऐसे लोगों को भूलकर भी अपमानित नहीं करते, जबकि दूसरे लोग आईएएस का रौब इस प्रकार हांकते है, जैसे लगता हो कि दुनिया का सबसे बड़ा बुद्धिमान और योग्य आदमी वहीं है। ऐसे लोगों की संख्या झारखण्ड ही नहीं, पूरे भारत में भरी-पड़ी है। मैंने इसी झारखण्ड में देखा है कि एक आईएएस अधिकारी जो स्वयं को बहुत ईमानदार शो करता है, पर वो क्या है? मैं अच्छी तरह जानता हूं, क्योंकि प्रमाण मेरे पास मौजूद है।
चूंकि मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव ने स्वयं को झारखण्ड से मुक्त करने का फैसला ले लिया है, तो मैं भी उनसे कहूंगा कि वे जल्द झारखण्ड छोड़ दें, क्योंकि जहां सम्मान न मिले, वहां एक पल भी नहीं रहना चाहिए, और इसी बात पर मैं ताल ठोक कर कहता हूं कि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने धर्म का परित्याग कर दिया। अब ये लाख कोशिश कर लें, इनके द्वारा न तो झारखण्ड का विकास हो सकता है और न ही उत्थान।
और अब हम कारण की ओर चलते है...
1. सारी जनता जानती है कि यहां मुख्यमंत्री रघुवर दास केवल शो पीस है, जबकि प्रत्य़क्ष रूप से असली शासन मुख्य सचिव राजबाला वर्मा और मुख्यमंत्री के सचिव सुनील बर्णवाल चला रहे है। जिस कारण यहां का कोई आईएएस आफिसर क्या करें और क्या नहीं करे, इसी भंवरजाल में फंसा है, जिससे काम प्रभावित हो रहा है।
2. मुख्यमंत्री रघुवर दास जो भी अच्छा काम हो रहा होता है, उसका सारा श्रेय मुख्य सचिव राजबाला वर्मा और अपने सचिव सुनील बर्णवाल को देते है, और जितना भी गड़बड़ होता है, उसका सारा श्रेय प्रधान सचिव संजय कुमार को दे देते है। उसका उदाहरण है – मोमेंटम झारखण्ड। ये कितना सफल होगा, ये तो समय बतायेगा पर इसके आयोजन की सफलता का सारा श्रेय मुख्यमंत्री ने यहां के मुख्य सचिव और सुनील बर्णवाल को दे दिया, जबकि मैं अच्छी तरह जानता हूं, मेरे पास प्रमाण है कि मोमेंटम झारखण्ड की सफलता के लिए संजय कुमार ने पिछले कई महीनों से जब मुख्यमंत्री देश-विदेश का चक्कर काट रहे थे, तो ये इसकी बेहतरी और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। हद हो गयी, जिन्होंने मोमेंटम झारखण्ड के प्रचार-प्रसार को बदरंग कर दिया, वे मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित और जो बेहतर कार्य किया वह अपमानित, ये सिर्फ झारखण्ड में ही हो सकता है, अन्यत्र नहीं।
3. जितना जलन, ईर्ष्या, द्रोह, और एक दूसरे को नीचे गिराने की प्रवृत्ति उपर के अधिकारियों में है, उतना तो नीचे भी नहीं भाई, काहे का आईएएस। मैंने देख लिया। मुख्य सचिव, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग का निदेशक राजीव लोचन बख्शी को बनायी, ये निदेशक करता क्या है?  ये तो अपने प्रधान सचिव की बात ही नहीं मानता, केवल मुख्य सचिव की बात मानता है, ये तो अपने विभाग में भी कम बैठता है, इसका ज्यादा समय प्रोजेक्ट बिल्डिंग में ही गुजरता है, क्यों आप समझते रहिये और इस कारण क्या हो रहा है, नतीजा आपके सामने है। मंत्री अमर कुमार, अमर कुमारी हो जाते है, राज्यपाल का नाम गलत लिख दिया जाता है, रांची को खनिज राजधानी बना दिया जाता है, और आश्चर्य कोई बोलनेवाला नहीं, आश्चर्य विज्ञापन की लालच में गलत विज्ञापन को भी अखबार परोस देता है। है न आश्चर्य... ये सिर्फ झारखण्ड में ही दिखता है।
4. ऐसे भी मुख्यमंत्री रघुवर दास अब ज्यादा दिनों तक मुख्यमंत्री के रूप में नहीं रहेंगे, क्योंकि स्थिति उन्हें नहीं मालूम, कनफूंकवे उन्हें जो कह रहे है, वे मान ले रहे है, पर उन्हें पता नहीं कि जनता और कार्यकर्ता दोनों इनके व्यवहारों से क्षुब्ध हो गये, जरा देखिये कल ही की तो बात है, कृषि और श्रम मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भाजपा कार्यालय में दरबार लगाया, क्या मुख्यमंत्री और कनफूंकवे बता सकते है कि कितने कार्यकर्ता उनके दरबार में पहुंचे, ज्यादा जानकारी के लिए आज का प्रभात खबर का पृष्ठ संख्या 8 देख लीजिये, पता चल जायेगा, क्या स्थिति है...
अंत में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार जी, आप कहीं भी जाये, आपको कोई फर्क नहीं पड़ेगा, पर जो रघुवर दास को फर्क पड़ेगा, वे तो रघुवर दास भी नहीं जानते। सत्ता के मद में, एक सामान्य व्यक्ति कैसे असामान्य होने की कोशिश करता है, उसका उदाहरण है – मोमेंटम झारखण्ड और आपका यहां से जाना।
पुनः मेरी ओर से यहां से जाने की अग्रिम बधाई, स्वीकार करें, हालांकि अखबार ने आपके जाने की खबर आज छापी, पर मैं तो दो महीने पूर्व ही जान गया था कि आप यहां नहीं रहेंगे... क्योंकि धर्म कभी अधर्म के साथ नहीं रहा... वो तो सत्य है, शाश्वत है।
आपके जाने के बाद झारखण्ड ने क्या खोया, ये झारखण्ड को अवश्य ही पता चलेगा। ईश्वर आपका मार्ग प्रशस्त करें.......