Showing posts with label कनफूंकवां. Show all posts
Showing posts with label कनफूंकवां. Show all posts

Thursday, March 23, 2017

इलाका रघुवर का और नाम योगी का...................

झारखण्ड में इन दिनों उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चर्चा जोरों पर हैं, लोग उनके बारे में जानना चाहते है, यूपी में वे क्या कर रहे है? कौन सी योजनाओं को जमीन पर उतार रहे है? लोगों की उन्हें जानने की उत्सुकता है। यहीं कारण है कि रांची से प्रकाशित सारे अखबारों में योगी ही योगी छाये हुए है, जबकि इसके विपरीत रघुवर दास उर्फ शाहरुख खान रांची के ही अखबारों में डूमरी के फूल होते दीख रहे है। ऐसे भी रघुवर दास उर्फ शाहरुख खान की जो कार्यशैली है या उनके पीछे जो लोग होते है, उनकी हरकते और उनके मुख से निकले बोल बहुत कुछ बता देते है... ...फिर भी रघुवर दास उर्फ शाहरुख खान झारखण्ड के मुख्यमंत्री के रुप में डटे है। रघुवर दास उर्फ शाहरुख खान की इस स्थिति को देखते हुए इन पर यह लोकोक्ति फिट बैठती है – अल्लाह मेहरबान तो गधा पहलवान।
आश्चर्य इस बात की है कि पिछले महीने झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मोमेंटम झारखण्ड के नाम पर अपनी ब्रांडिंग कराने में 100 करोड़ रुपये से भी ज्यादा फूंक डाले, पर निकला क्या?  न तो इनकी ब्रांडिंग ही हो सकी और न ही झारखण्ड को कुछ प्राप्त हुआ। हां इतना जरुर हुआ कि बाहर से इनके कनफूंकवों द्वारा बुलाई गयी ब्रांडिंग करनेवाली कंपनियां मालामाल जरुर हो गयी, और ये दुआएं भी दी कि ये राज्य हमेशा मूरख बना रहे, ताकि उनकी दुकानें इसी प्रकार चलती रहे, जबकि इसके विपरीत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी किसी भी ब्रांडिंग कंपनी को अपनी ब्रांडिंग के लिए उत्तर प्रदेश नहीं बुलाया पर इनकी ब्रांडिंग स्वयं देश के विभिन्न राज्यों के मीडिया हाउस बहुत ही शिद्दत से कर रही है।
आखिर मीडिया में आदित्यनाथ योगी क्यों छाये हुए है? उसका कारण है...
उन्होंने सत्ता में आते ही, वह काम करना प्रारंभ किया, जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती।
1. सत्ता में आते ही उन्होंने अपने मंत्रियों से 15 दिनों में आय-संपत्ति का ब्यौरा मांग लिया।
2. नेताओं को बेकार की बयानबाजी बंद करने को स्पष्ट रुप से कहा।
3. यूपी के सरकारी दफ्तरों में पान-गुटखा पर बैन लगाकर दूसरे राज्यों के सामने एक नजीर पेश कर दी।
4. एक सप्ताह के अंदर अपने अनुभागों में रखी फाइलों को व्यवस्थित कराना प्रारंभ किया।
5. महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया, पूरे राज्य में एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन कराया, ताकि बेटियों के सम्मान पर कोई आंच नहीं आये।
6. गोरक्षा के प्रति विशेष अभियान चलाया, अवैध बूचड़खानों को सील किया गया, उन पर बूलडोजर चलाया गया।
यहीं नहीं पूरे प्रदेश में एक विश्वास पैदा किया, गुंडों-अपराधियों में खौफ पैदा किया कि अब राज्य का निजाम बदल चुका है, गलत करेंगे तो जल्द ही जेल के अंदर होंगे...
इसके विपरीत झारखण्ड में क्या हो रहा है...
1. बेटियां यहां आज भी सुरक्षित नहीं, स्वयं मुख्यमंत्री जनसंवाद केन्द्र की महिला संवादकर्मियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अपनी शिकायत दर्ज करायी पर इन महिला संवादकर्मियों को उनकी आवाज बंद करा दिया गया। कस्तूरबा बालिका विद्यालय गढ़वा की आदिवासी बालिका गर्भवती हो गयी, इस मामले को भी दबा दिया गया। बूटी मोड़ की जिस लड़की की बलात्कार कर नृशंस हत्या कर दी गयी, उस मामले को सीबीआई को सौंप दिया गया, सीबीआई कहती है कि अभी तक उसे इस संबंध में कोई प्रपत्र प्राप्त ही नहीं हुआ, जबकि इसी मामले में मुख्यमंत्री रघुवर दास का बयान आया था कि इस कांड में सफेदपोश लोग भी शामिल है, जल्द उन्हें पकड़ लिया जायेगा, पर क्या हुआ? कोई अभी तक पकड़ा नहीं जा सका, यानी महिलाएं आज भी असुरक्षित महसूस कर रही है, झारखण्ड में।
2. गो हत्या तो यहां आम बात है, रांची की सड़कों पर बड़ी संख्या में सुबह, दोपहर और शाम को इस धंधे में लगे लोग, गायों को लाते है और कत्लखानों में भेज देते है, आज भी इस राज्य में बड़ी संख्या में अवैध बूचड़खानें चल रहे है, पर रघुवर दास की हिम्मत नहीं कि इन पर बुलडोजर चला दें।
3. सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों का हाल ये है कि उन्हें प्रशासन का डर ही नहीं, जमकर भ्रष्टाचार है, बिना पैसे के कोई काम हो ही नहीं सकता, और यह पैसा नीचे से लेकर उपर तक जाता है, जबकि सत्ता इन्हें भ्रष्टाचार के खिलाफ ही मिला था।
4. कानून – व्यवस्था तो पूर्णतः चौपट है, धनबाद में पूर्व मेयर नीरज सिंह समेत 4 की हत्या तो एक बानगी है।
5. मुख्यमंत्री क्या बोलते है? क्या करते है? भगवान ही मालिक है... ...ज्यादा जानकारी के लिए आज का अखबार पढ़ लीजिये, मुख्यमंत्री का भाषण छपा है, जो एक कार्यक्रम से संबंधित है, चूंकि मुख्यमंत्री रघुवर दास के आस-पास मूर्खों का जाल है, ऐसे भी मुख्यमंत्री रघुवर दास को लगता है कि ये मूर्ख ही सर्वाधिक विद्वान है, जिसका नतीजा सामने है, पूरे राज्य में मुख्यमंत्री रघुवर दास और झारखण्ड के सम्मान का बट्टा लग रहा है, याद करिये इस राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 8 मार्च को एक पीड़ित पिता के साथ कैसा दुर्व्यवहार किया था, जिसके कारण पूरे देश में मुख्यमंत्री रघुवर दास की थू-थू हुई थी, जिसे अखबार और चैनलवालों ने नहीं उठाया, बल्कि सोशल साइट ने इसे मुद्दा बनाया।
तो जहां ऐसे मुख्यमंत्री का राज चल रहा हो, जो कनफूकवों की मदद से चलती हो, उस राज्य के मुख्यमंत्री का क्या हाल होगा? आप समझते रहिये। फिलहाल झारखण्ड में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ छाये हुए है... ...अपने विवादित बयानों से नहीं, बल्कि कार्य शैली से और एक जनाब अपने मुख्यमंत्री रघुवर दास उर्फ शाहरुख खान है... ...जो अपने ही राज्य में बेगाने हो चले है।
मैं तो कहता हूं कि अभी भी मौका है, मुख्यमंत्री अपनी कार्यशैली में सुधार लाये, नहीं तो पता चलेगा कि 2019 की लोकसभा चुनाव में हर राज्य से, भाजपा सीट ला रही है और झारखण्ड में कांग्रेस तथा झामुमो की लॉटरी निकल गई है...

Thursday, March 2, 2017

आखिर प्रभातम पर मुख्यमंत्री रघुवर दास और कनफूंकवें............

आखिर प्रभातम पर मुख्यमंत्री रघुवर दास और कनफूंकवें............
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के रहने के बावजूद राज्य की रघुवर सरकार उर्फ शाहरुख खान की सरकार ने प्रभातम को अपनी ब्रांडिंग के लिए रखा है। ये वहीं प्रभातम है, जिसका पुराना नाम राष्ट्रीया था, जिसने पूर्व में एक नहीं, कई गलत विज्ञापन निकाले थे, जिसको लेकर रांची से लेकर दिल्ली तक हंगामा बरपा था और उस वक्त की तत्कालीन बाबू लाल मरांडी की सरकार ने इसे ब्लैक लिस्टेड कर दिया था। दरअसल हुआ यह था कि इस कंपनी ने अपने विज्ञापनों में स्वर्णरेखा नदी को गोल्डलाइन और आदिम जन जाति के लिए बारबेरियन शब्द का प्रयोग किया था। यहीं नहीं इसके द्वारा की गयी गलतियों की संख्या बहुतायत थी, जिसे लेकर लोगों ने आपत्ति जतायी और राष्ट्रीया एडवर्टाइजिंग एजेंसी कंपनी ब्लैक लिस्टेड हो गयी। यहीं राष्ट्रीया कंपनी एक बार फिर प्रभातम के नाम से झारखण्ड में रघुवर सरकार की ब्रांडिंग कर रही है, जो गलतियां पर गलतियां करती जा रही है, पर इसको ब्लैक लिस्टेड करने के बजाय, इसे जोरदार ढंग से प्रतिष्ठित किया जा रहा है। आश्चर्य इस बात की है एड फैक्टर जिसे मोमेंटम झारखण्ड के लिए सरकार ने ब्रांडिंग करने के लिए बुलाया था, उसने भी गलतियों के रिकार्ड बना डाले हैं, पर राज्य सरकार इन्हें दंडित करने के बजाय, ब्लैक लिस्टेड करने के बजाय इसे करोड़ों रुपये देकर मालामाल कर रही है, और ये सब किसके इशारे पर हो रहा है, समझते रहिये। इस गोरखधंधे में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के निदेशक और कनफूंकवों की बहुत बड़ी भूमिका है।
जरा देखिये...
एड फैक्टर और प्रभातम की कारगुजारी...
1. यह राज्यपाल की स्पेलिंग भी ठीक से नहीं लिख पाता।
2. यह राज्यपाल के नाम भी गलत लिखता है।
3. यह राज्यपाल के नाम के आगे माननीया शब्द का भी प्रयोग नहीं करता।
4. यह अमर कुमार मंत्री को अमर कुमारी बना देता है।
5. यह भोक्ता को भोगता बना देता है।
6. यह झारखण्ड के मानचित्र को बंगाल की खाड़ी में फेंक देता है।
7. आज भी इनकी बनाई गयी विज्ञापनों में ढेर सारी अशुद्धियां है।
पर मजाल है कि इन कंपनियों को हमारी राज्य सरकार ब्लैक लिस्टेड कर दे। कमाल यह भी है कि इस प्रकरण पर राजभवन कार्यालय भी चुप है। अपने मंत्री को पुरूष से स्त्री बना देनेवाले मामले पर पर्यटन विभाग भी मौन साध रखा है। झारखण्ड के मानचित्र को बंगाल की खाड़ी में दिखानेवाले मामले पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग का निदेशक चुप है और विज्ञापन की डिजाइनिंग करने का काम एड फैक्टर और रिलीज करने का काम प्रभातम को दे रखा है, जिसका कमीशन कौन खा रहा है, समझते रहिये... ...अंततः नुकसान किसका हो रहा है, राज्य का, क्योंकि रघुवर दास उर्फ शाहरुख खान आयेंगे और जायेंगे पर राज्य तो वहीं रहेगा। आश्चर्य इस बात की है कि इस पूरे प्रकरण पर संपूर्ण विपक्ष ने भी चुप्पी साध रखी है।
कमाल है एक समय था जब अमित खरे, सचिव, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने राज्य सरकार की सहमति से इन्हीं सभी कारणों को लेकर, राष्ट्रीया एडवर्टाइजिंग एजेंसी को ब्लैक लिस्टेड कर दिया पर वहीं राष्ट्रीया कंपनी, अपना प्रभातम नाम रखकर उसी प्रकार की हरकत कर रही है, पर इस सरकार ने इसे अब तक ब्लैक लिस्टेड नहीं किया, बल्कि उसका मनोबल बढ़ा रही है।
कमाल है कि विज्ञापन रिलीज करने के बाद राशि भुगतान के समय 15 प्रतिशत कटौती करने का अधिकार सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को है, पर उस कटौती को भी रोक दिया गया है, जिसका सारा पैसा ये कंपनियां आपस में बंदरबांट कर रही है। जिसका कमीशन कौन ले रहा है, आप समझते रहिये। याद करिये इन्हीं सभी गड़बड़ियों को रोकने के लिए, विज्ञापन को रिलीज करने के क्रम में, राशि भुगतान के समय, 15 प्रतिशत राशि कटौती प्राप्त करने के लिए ताकि विभाग के अन्य कार्य सुचारू ढंग से चल सकें, संवाद नामक संगठन बनाने का फैसला, एक साल पूर्व कैबिनेट से पास कराकर लिया गया। चार माह पूर्व ढांचा भी तैयार हो गया, पर यह संवाद आज तक अपने रूप में नहीं आ सका। आखिर इस पर कुंडली किसने मारी? क्यों इसे रोका जा रहा है, समझते रहिये। सच्चाई यह है कि जैसे ही यह अपने रूप में आयेगा, कमीशनखोरों की कमीशन बंद हो जायेगी।
सवाल एक बार फिर से...
रघुवर सरकार जवाब दें...
1. आखिर जो कंपनी ब्लैक लिस्टेड थी, वह फिर अपना नाम बदलकर यहां सेवा दे रही है, और फिर वहीं गलती दुहरा रही है, आप उसे पुनः ब्लैक लिस्टेड क्यों नहीं कर रहे?
2. आपने ही कैबिनेट में फैसला लिया, संवाद के गठन का, इसका गठन कब होगा?
3. जो एड फैक्टर और प्रभातम गड़बड़ियां कर रहे है, उन गड़बड़ियों को रोकने के लिए तथा उन्हें दंडित करने के लिए आपने क्या प्लान बनाया है?
4. आखिर राज्यपाल को अपमान करने का अधिकार तथा झारखण्ड के मानचित्र को बंगाल की खाड़ी तक पहुंचाने का अधिकार इन कंपनियों को किसने दिया?
जनता जानना चाहती है...

Tuesday, February 28, 2017

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास में क्या अंतर हैं...........

बच्चों,
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास में क्या अंतर है? वर्णन करें।
उत्तर – बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास में निम्नलिखित अंतर है...
1. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी बुद्धिमता और कार्यकुशलता के आधार पर बिहार के मुख्यमंत्री बने, जबकि रघुवर दास भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कृपा पर झारखण्ड के मुख्यमंत्री बने है।
2. बिहार के मुख्यमंत्री शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाते है, जबकि झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास शराब पिलाकर जनता को काल के गाल में समाने का प्रबंध करते है।
3. बिहार के मुख्यमंत्री सुशासन बाबू के नाम से जाने जाते है, जबकि झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, शाहरुख खान के नाम से जाने जाते है।
4. बिहार के मुख्यमंत्री गुरु गोविंद सिंह महाराज की 350वीं जयंती को इस प्रकार से मनाते है कि सारा विश्व उनका मुरीद हो जाता है, जबकि झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास मोमेंटम झारखण्ड कराते है जो रांची में ही रहकर सिमट जाता है, यहां तक कि देश के ही बहुत बड़े उद्योगपति इनके कार्यक्रम से दूरी बना लेते है।
5. बिहार के मुख्यमंत्री के कार्यों से वहां के आईएएस की हालत पस्त रहती है, जबकि झारखण्ड के आईएएस के कार्यों से झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास की हालत पस्त रहती है।
6. बिहार में तीन दलों की सरकार होने के बावजूद वहां नीतीश कुमार की तू-ती बोलती है, जबकि झारखण्ड में पूर्ण बहुमत की सरकार होने के बावजूद यहां रघुवर सरकार की नहीं, बल्कि कनफूंकवों की चलती है।
7. बिहार में लड़कियों-महिलाओं का सम्मान सुरक्षित है, पर झारखण्ड में स्वयं मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा चलाये जा रहे मुख्यमंत्री जनसंवाद केन्द्र में महिलाएं सुरक्षित नहीं, और जब ये महिलाएं मुख्यमंत्री तक अपना आवाज बुलंद करती है, तो उनकी आवाज को सख्ती से दबा दिया जाता है।
8. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में वहां कोई आईएएस अधिकारी भाषण नहीं देता, झारखण्ड में मुख्यमंत्री रघुवर दास इनका मनोबल बढ़ाते है, ताकि आनेवाले समय में ये अधिकारी लोकसभा या विधानसभा का चुनाव लड़ सके।
9. बिहार का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग से निकला विज्ञापन राज्य का मान बढ़ाता है, जबकि झारखण्ड का सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग अपने ही विज्ञापन में राज्य को बंगाल की खाड़ी में फेंक देता है, राज्यपाल का सम्मान नहीं करता और अपने पुरुष मंत्री को स्त्री मंत्री के रुप में पेश करता है।
10.  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का वक्तव्य लेने के लिए, सुनने के लिए मीडिया तरसती है, जबकि झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास का वक्तव्य मजाक का पात्र बन जाता है, उदाहरण अनेक है – फिलहाल फिल्म निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट ने ही इनकी हवा निकाल दी है।

Saturday, February 25, 2017

झारखण्ड में कनफूंकवों का शासन........

झारखण्ड में कनफूंकवों का शासन...
कनफूंकवों का एक सूत्री कार्यक्रम, मुख्यमंत्री रघुवर दास का चेहरा चमकाना और उसकी आड़ में अपना आधार मजबूत करना...
और अपनी सारी गलतियों के लिए एक व्यक्ति विशेष को जिम्मेवार ठहरा देना, जो इस राज्य में एक दिन भी ठहरना नहीं चाहता, हमारा इशारा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार की ओर है। इसी बीच कनफूंकवों ने प्रोजेक्ट बिल्डिंग, मुख्यमंत्री आवास और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग पर अपना झंडा फहरा दिया है। इन कनफूंकवों की ताकत इतनी बढ़ गयी है कि इसके खिलाफ बोलने का मतलब मुख्यमंत्री रघुवर दास का कोपभाजन बनना, क्योंकि मुख्यमंत्री रघुवर दास को सिर्फ ठकुरसोहाती वाले लोग पसंद हो गये है, जो भी उनको आइना दिखाता है, वे उस पर ऐसे टूट पड़ते है, जैसे भूखा सिंह किसी जानवर पर टूट पड़ता है...
इसी बीच कनफूंकवों के शासन में प्रत्यक्ष रूप से दखल देने के कारण बहुत सारे ईमानदार आईएएस आफिसर फिलहाल किंकर्तव्यविमूढ़ की स्थिति में आ गये है, परिस्थितियों को देख वे मुख्यमंत्री रघुवर दास की हर बातों में हां में हां मिला रहे है, क्योंकि वे जानते है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास को सिर्फ और सिर्फ कनफूंकवों की बात ही पसंद है।
इधर कनफूंकवों के शासन में आ जाने का प्रभाव देखिये....
1. पलामू के पांकी में दो महिलाओं को जिंदा जला दिया गया...
2. महेश भट्ट जैसे फिल्मकार ने सरकार के कार्यशैली पर अंगूली उठा दी...
3. 23 फरवरी को पलामू में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों पर पुलिस ने निर्ममतापूर्वक लाठियां भांजी, जिसमें कई की हालत गंभीर है...
4. इधर पलामू में छात्रों के उपर हुए हमले को लेकर बुलाया गया पलामू प्रमंडल बंद का पूरे पलामू प्रमंडल पर व्यापक असर पड़ा है, कल का पलामू बंद स्वतः स्फूर्त रहा, पर इस बंद का असर कनफूंकवों या यहां के मुख्यमंत्री रघुवर दास पर पड़ेगा, इसकी संभावना कम दिखाई पड़ रही है, क्योंकि वर्तमान में यहां का मुख्यमंत्री घमंड में चूर है।
5. कनफूंकवों के इशारे पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पलामू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपने विरोधियों को धमकी दे डाला है कि जो विकास की राह में बाधा डालेंगे वे दंडित किये जायेंगे, यानी उनका इशारा विरोधी दलों के नेता तथा भाजपा विधायकों और मंत्रियों की ओर था, जो सरकार में ही रहकर, मुख्यमंत्री रघुवर दास के जनविरोधी नीतियों का खुला विरोध कर रहे है...
ये तो कुछ उदाहरण है, इधर जब से राज्य के कई प्रमुख अखबारों ने सरकार की आरती उतारने में थोड़ी कोताही बरती है, उन्हें भी कनफूंकवों ने धमकी देने का प्रयास किया है, उनका कहना है कि जो सरकार की आरती नहीं उतारेंगे, उन्हें विज्ञापन देने पर रोक लगायी जाय... ...इधर विज्ञापन रोके जाने की परवाह किये बिना कुछ अखबारों ने अपना पैंतरा बदला है, तथा सही खबरें देने शुरू कर दिये है, जिसमें हिन्दुस्तान फिलहाल प्रथम स्थान पर है...
अखबारों में मोमेंटम झारखण्ड समाप्त होने के बाद जब से सही खबरें प्रमुखता से स्थान लेने लगी है, सरकार की नींद उड़ गयी है। कनफूंकवों ने इसके लिए भी मुख्यमंत्री रघुवर दास से शिकायत कर दी और कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार जिम्मेवार है। दूसरी ओर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के निदेशक की नींद उड़ी हुई है, कैसे समाचार पत्रों को मैनेज करें, उन्हें सूझ ही नहीं रहा, इसलिए वे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विद्वान और मुख्यमंत्री के प्रेस एडवाइजर के शरण में जाकर अपनी बुद्धि बढ़ाने के लिए विशेष नुस्खे पर काम करना प्रारम्भ कर दिया है... इधर अखबारों ने जब से सही खबरे प्रकाशित करनी प्रारंभ की है, लोगों में आशा का संचार हुआ है, उन्हें लगता है कि अब जनहित में समाचार देखने को मिलेंगे, बाकी चैनलों का हाल तो वहीं है, वो क्या कहते है, अभी भी वे यहीं भजन गा रहे है – रघुवर शरणम् गच्छामि, कनफूंकवां शरणम् गच्छामि...