Showing posts with label ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट. Show all posts
Showing posts with label ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट. Show all posts

Thursday, March 2, 2017

आखिर प्रभातम पर मुख्यमंत्री रघुवर दास और कनफूंकवें............

आखिर प्रभातम पर मुख्यमंत्री रघुवर दास और कनफूंकवें............
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के रहने के बावजूद राज्य की रघुवर सरकार उर्फ शाहरुख खान की सरकार ने प्रभातम को अपनी ब्रांडिंग के लिए रखा है। ये वहीं प्रभातम है, जिसका पुराना नाम राष्ट्रीया था, जिसने पूर्व में एक नहीं, कई गलत विज्ञापन निकाले थे, जिसको लेकर रांची से लेकर दिल्ली तक हंगामा बरपा था और उस वक्त की तत्कालीन बाबू लाल मरांडी की सरकार ने इसे ब्लैक लिस्टेड कर दिया था। दरअसल हुआ यह था कि इस कंपनी ने अपने विज्ञापनों में स्वर्णरेखा नदी को गोल्डलाइन और आदिम जन जाति के लिए बारबेरियन शब्द का प्रयोग किया था। यहीं नहीं इसके द्वारा की गयी गलतियों की संख्या बहुतायत थी, जिसे लेकर लोगों ने आपत्ति जतायी और राष्ट्रीया एडवर्टाइजिंग एजेंसी कंपनी ब्लैक लिस्टेड हो गयी। यहीं राष्ट्रीया कंपनी एक बार फिर प्रभातम के नाम से झारखण्ड में रघुवर सरकार की ब्रांडिंग कर रही है, जो गलतियां पर गलतियां करती जा रही है, पर इसको ब्लैक लिस्टेड करने के बजाय, इसे जोरदार ढंग से प्रतिष्ठित किया जा रहा है। आश्चर्य इस बात की है एड फैक्टर जिसे मोमेंटम झारखण्ड के लिए सरकार ने ब्रांडिंग करने के लिए बुलाया था, उसने भी गलतियों के रिकार्ड बना डाले हैं, पर राज्य सरकार इन्हें दंडित करने के बजाय, ब्लैक लिस्टेड करने के बजाय इसे करोड़ों रुपये देकर मालामाल कर रही है, और ये सब किसके इशारे पर हो रहा है, समझते रहिये। इस गोरखधंधे में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के निदेशक और कनफूंकवों की बहुत बड़ी भूमिका है।
जरा देखिये...
एड फैक्टर और प्रभातम की कारगुजारी...
1. यह राज्यपाल की स्पेलिंग भी ठीक से नहीं लिख पाता।
2. यह राज्यपाल के नाम भी गलत लिखता है।
3. यह राज्यपाल के नाम के आगे माननीया शब्द का भी प्रयोग नहीं करता।
4. यह अमर कुमार मंत्री को अमर कुमारी बना देता है।
5. यह भोक्ता को भोगता बना देता है।
6. यह झारखण्ड के मानचित्र को बंगाल की खाड़ी में फेंक देता है।
7. आज भी इनकी बनाई गयी विज्ञापनों में ढेर सारी अशुद्धियां है।
पर मजाल है कि इन कंपनियों को हमारी राज्य सरकार ब्लैक लिस्टेड कर दे। कमाल यह भी है कि इस प्रकरण पर राजभवन कार्यालय भी चुप है। अपने मंत्री को पुरूष से स्त्री बना देनेवाले मामले पर पर्यटन विभाग भी मौन साध रखा है। झारखण्ड के मानचित्र को बंगाल की खाड़ी में दिखानेवाले मामले पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग का निदेशक चुप है और विज्ञापन की डिजाइनिंग करने का काम एड फैक्टर और रिलीज करने का काम प्रभातम को दे रखा है, जिसका कमीशन कौन खा रहा है, समझते रहिये... ...अंततः नुकसान किसका हो रहा है, राज्य का, क्योंकि रघुवर दास उर्फ शाहरुख खान आयेंगे और जायेंगे पर राज्य तो वहीं रहेगा। आश्चर्य इस बात की है कि इस पूरे प्रकरण पर संपूर्ण विपक्ष ने भी चुप्पी साध रखी है।
कमाल है एक समय था जब अमित खरे, सचिव, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने राज्य सरकार की सहमति से इन्हीं सभी कारणों को लेकर, राष्ट्रीया एडवर्टाइजिंग एजेंसी को ब्लैक लिस्टेड कर दिया पर वहीं राष्ट्रीया कंपनी, अपना प्रभातम नाम रखकर उसी प्रकार की हरकत कर रही है, पर इस सरकार ने इसे अब तक ब्लैक लिस्टेड नहीं किया, बल्कि उसका मनोबल बढ़ा रही है।
कमाल है कि विज्ञापन रिलीज करने के बाद राशि भुगतान के समय 15 प्रतिशत कटौती करने का अधिकार सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग को है, पर उस कटौती को भी रोक दिया गया है, जिसका सारा पैसा ये कंपनियां आपस में बंदरबांट कर रही है। जिसका कमीशन कौन ले रहा है, आप समझते रहिये। याद करिये इन्हीं सभी गड़बड़ियों को रोकने के लिए, विज्ञापन को रिलीज करने के क्रम में, राशि भुगतान के समय, 15 प्रतिशत राशि कटौती प्राप्त करने के लिए ताकि विभाग के अन्य कार्य सुचारू ढंग से चल सकें, संवाद नामक संगठन बनाने का फैसला, एक साल पूर्व कैबिनेट से पास कराकर लिया गया। चार माह पूर्व ढांचा भी तैयार हो गया, पर यह संवाद आज तक अपने रूप में नहीं आ सका। आखिर इस पर कुंडली किसने मारी? क्यों इसे रोका जा रहा है, समझते रहिये। सच्चाई यह है कि जैसे ही यह अपने रूप में आयेगा, कमीशनखोरों की कमीशन बंद हो जायेगी।
सवाल एक बार फिर से...
रघुवर सरकार जवाब दें...
1. आखिर जो कंपनी ब्लैक लिस्टेड थी, वह फिर अपना नाम बदलकर यहां सेवा दे रही है, और फिर वहीं गलती दुहरा रही है, आप उसे पुनः ब्लैक लिस्टेड क्यों नहीं कर रहे?
2. आपने ही कैबिनेट में फैसला लिया, संवाद के गठन का, इसका गठन कब होगा?
3. जो एड फैक्टर और प्रभातम गड़बड़ियां कर रहे है, उन गड़बड़ियों को रोकने के लिए तथा उन्हें दंडित करने के लिए आपने क्या प्लान बनाया है?
4. आखिर राज्यपाल को अपमान करने का अधिकार तथा झारखण्ड के मानचित्र को बंगाल की खाड़ी तक पहुंचाने का अधिकार इन कंपनियों को किसने दिया?
जनता जानना चाहती है...

Monday, February 27, 2017

मुख्यमंत्री रघुवर दास उर्फ शाहरूख खान को कोई बतायें............

मुख्यमंत्री रघुवर दास उर्फ शाहरूख खान को कोई बतायें कि जब तक झारखण्ड को सही रूप में मुक्ति नहीं मिल जाता, झारखण्ड मुक्ति मोर्चा की आवश्यकता बनी रहेगी, हां ये अलग बात है कि इसका नेतृत्व कौन करेगा?
सच्चाई यह है कि इस सरकार के दो साल बीत गये। इस सरकार ने योजना बनाओ अभियान भी चलाया पर स्थिति क्या है? योजना बनाओ अभियान के माध्यम से कनफूंकवे, अधिकारी और ठेकेदार मालामाल हो गये, कमीशन का ऐसा धंधा चलाया कि कहीं काम नहीं दीख रहा और जनता लूटती चली जा रही है। जरा पूछिये इस मुख्यमंत्री रघुवर दास उर्फ शाहरूख खान से आखिर क्या कारण है कि झारखण्ड में ही भाजपा के वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा उसकी आलोचना क्यों करते है? आखिर क्या वजह है कि सरयू राय, सी पी सिंह जैसे नेता कैबिनेट में ही सरकार को कटघरे में क्यों खड़ा कर देते है?  मैं कहूंगा कि रघुवर दास उर्फ शाहरूख कान ज्यादा काबिल न बने, क्योंकि अब तो भाजपा कार्यकर्ता भी एक मौका खोज रहे है कि इस सरकार की कब बिदाई की जाय?, जिस दिन मौका मिल गया, रघुवर सरकार की औकात बताकर सर्वाधिक खुश भाजपा कार्यकर्ता ही होंगे न कि झारखण्ड मुक्ति मोर्चा।
जरा देखिये कल तक स्वयं को हनुमान बताने वाला राज्य का मुख्यमंत्री रघुवर दास उर्फ शाहरूख खान स्वयं को भगवान राम से तुलना कर रहा है। कल जमशेदपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आलोचना तो भगवान राम की भी हुई थी, पर उसे मालूम नहीं कि भगवान राम ने एक स्त्री के सम्मान के लिए लंकाधिपति रावण को उसके किये की सजा दी थी, पर क्या ये रघुवर दास उर्फ शाहरूख खान बता सकता है कि उसके राज्य में स्त्रियों और बालिकाओं के सम्मान की रक्षा का क्या हाल है?  ये तो वहीं हाल हो गयी, चला मुरारी हीरो बनने... अरे यार पहले कुछ करके दिखाओ, उसके बाद बोलो, तो अच्छा भी लगेगा।
तुम्हारे ही मुख्यमंत्री जनसंवाद केन्द्र में लड़कियों का क्या हाल है? आखिर क्या वजह हुई कि मुख्यमंत्री जनसंवाद केन्द्र की दो लड़कियों ने राज्य महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया और आप तक अपनी आवाज पहुंचायी, पर नतीजा क्या निकला?, आपने उसकी आवाज ही दबा दी।
आज भी बूटी मोड़ कांड में दुष्कर्म की शिकार व मृत छात्रा की आत्मा आपको धिक्कार रही है, कभी आपको उसकी आत्मा की आवाज सुनाई पड़ी है। अरे आपको पलामू के छात्रों का समूह एक ज्ञापन देने जा रहे थे, उस ज्ञापन में वनांचल कालेज की छात्रा सोनाली की संदिग्ध मौत का मामला था, पर आपने तो उसकी अनसूनी कर दी, उलटे छात्रों पर लाठीचार्ज करा दिया। बताओ झारखण्ड के कस्तूरबा बालिका विद्यालय का क्या हाल है? गढ़वां के कस्तूरबा बालिका विद्यालय में एक बालिका गर्भवती कैसे हो गयी? ...और कैसे आपने ये मामला दबवा दिया। चले है, राम बनने, अरे आप रावण भी बन जाओ तो हमें खुशी होगी, क्योंकि रावण ने अपनी बहन शूर्पणखा के सम्मान की रक्षा के लिए पूरे लंका को दांव पर लगा दिया... अरे ये तो यहां की अखबार और चैनल है, जो आपकी स्तुति गा रहे है। नहीं तो, आम जनता की नजरों में तो आप कब के गिर चुके हो, जनता तो कब का आपको नजरंदाज कर चुकी है...
अखबार और चैनलवालों की क्या कहूं... ...उनकी हरकत ऐसी है कि हरकत भी शरमा जाये। शायद इन्हीं हरकतों को देखकर किसी ने लिखा है...
हैं रखैले तख्त की ये कीमती कलमें,
कंठ में इनके स्वयं का स्वर नहीं होता।
ये सियासत के दामन का खिलौना हैं,
ये किसी के आंसुओं से तर नहीं होतीं।।
हां, एक बात और, आज हमें खुशी हुई कि एक पत्रकार और शिशु भ्रूण हत्या को लेकर आंदोलन खड़ी करनेवाली महिला को किसी ने आंख उठाकर देखने की कोशिश की, जिसका जवाब उक्त महिला ने कड़े शब्दों में प्रतिकार कर दिया है, अगर यहीं प्रतिकार की ज्वाला राज्य की हर महिलाओं के मुख से निकलने प्रारंभ हो तो फिर किसी की हिम्मत नहीं होगी कि कोई महिला का अपमान करने का दुस्साहस कर सकें, मैं उक्त महिला के प्रति अपना सम्मान प्रकट करता हूं, साथ ही उन तमाम बालिकाओं और महिलाओं से गुजारिश करूंगा कि आप ऐसे मुख्यमंत्री रघुवर दास उर्फ शाहरूख खान पर विश्वास न करें, जो कभी हनुमान तो कभी राम से स्वयं की तुलना करता हो, आप स्वयं वीर बने, साहसी बने, लक्ष्मीबाई बने ताकि किसी की हिम्मत न हो, आप को आंख उठाकर देखने की...

Thursday, February 23, 2017

मुख्यमंत्री रघुवर दास, क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धौनी से इतने चिढ़ते क्यों है.......

याद करिये, मोमेंटम झारखण्ड की ब्रांडिंग या झारखण्ड का इमेज दूसरे राज्यों में चमकाने के लिए महेन्द्र सिंह धौनी ने एक भी पैसे नहीं लिये। यह भी याद रखिये कि महेन्द्र सिंह धौनी लगातार मोमेंटम झारखण्ड के कार्यक्रम में अपने सारे कार्यों को छोड़ कर, इसमें स्वयं को हृदय से समायोजित किया है और ऐसे व्यक्ति से मुख्यमंत्री का चिढ़ जाना, उसके पोस्टर व बैनर देखकर भड़क जाना, हमें कुछ अच्छा नहीं लगा। कल की ही बात है रांची से प्रकाशित हिन्दुस्तान अखबार ने अपने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि मोमेंटम झारखण्ड के क्रम में कुछ अफसरों के बीच झड़प हुई थी। क्रिकेटर धौनी का बड़ा कट आउट देखकर सीएम भड़क गये थे, हालांकि सीएमओ ने इन सारे आरोपों से इनकार किया है। भले ही सीएमओ इन बातों से इनकार करें, पर सूत्रों के हवाले से दी गई इस खबर में छुपी सच्चाई से इनकार नहीं किया जा सकता। सूत्र तो ये भी बताते है कि सीएम इतने भड़क गये थे कि वे गुस्से में कह रहे थे कि क्या महेन्द्र सिंह धौनी की ब्रांडिग करने से झारखण्ड में पूंजी निवेश होगा? मुख्यमंत्री रघुवर दास ने यह भी कहा था कि सिर्फ रघुवर दास ही इस राज्य में पूंजी निवेश करा सकता है, जो भी पूंजी निवेश होगा, वह रघुवर के कहने पर, न कि धौनी के कहने पर। जिस दिन यह घटना घटी, उसी दिन से धौनी का हाथी उड़ाते बैनर और पोस्टर की जगह, रघुवर ही रघुवर नजर आने लगे और इसके लिए दोषी एक अधिकारी को ठहरा दिया गया, जो निर्दोष था और बाकी वहां खड़े अधिकारी मुस्कुरा रहे थे, क्योंकि उनकी कारगुजारी सफल हो चुकी थी, कनफूंकवे कामयाब हो गये थे, राज्य के असली दो मुख्यमंत्री प्रसन्न मुद्रा में आ चुके थे, और जिस अधिकारी पर झूठा आरोप लगा, उसने उसी वक्त संकल्प लिया कि वह अब ज्यादा दिनों तक झारखण्ड में नहीं रहेगा और ठीक इस घटना के बाद उक्त अधिकारी ने केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए सीएम से अपनी मंशा जाहिर कर दी। ये अधिकारी कौन थे?  सब को पता है। हिन्दुस्तान अखबार ने स्पष्ट रुप से उक्त सत्यनिष्ठ अधिकारी का नाम प्रकाशित कर दिया है।
...और मुख्यमंत्री रघुवर दास का धौनी से चिढ़ने का एक नया उदाहरण देखना हो, तो जरा आज का प्रभात खबर देख लीजिये। धौनी जिसने मोमेंटम झारखण्ड की ब्रांडिंग की, उसे ही अपनी अकादमी खोलने के लिए जमीन नहीं मिली। आश्चर्य इस बात की है कि जो उस वक्त रांची के उपायुक्त हुआ करते थे, और जो आज राजस्व सचिव है, उन्हें ही पता नहीं कि धौनी को जमीन क्यों नहीं मिली? 6 वर्ष से यह मामला राजस्व विभाग ने लटका कर रखा है, और बड़े ही सहजता से राजस्व सचिव ये बयान देते है कि जब वे रांची के उपायुक्त थे, तब सरकार के आदेश पर यह प्रस्ताव बना था, अभी उसकी स्थिति की जानकारी, उन्हें नहीं है, इस बारे में जानकारी लेकर वे बतायेंगे। ये अधिकारी है – के के सोन। हद हो गयी, इससे बड़ा आश्चर्य और धौनी के साथ हुए धोखे का कोई दुसरा उदाहरण नहीं हो सकता।  अब बात आती है कि इससे नुकसान किसका हुआ, धौनी का या इस राज्य का। क्या इस सवाल का जवाब मुख्यमंत्री रघुवर दास दे सकते है?
मोमेंटम झारखण्ड का आयोजन करा लेने से क्या होगा? जरा आज का टेलीग्राफ का बॉटम लीड खबर पढ़ लीजिये कि महेश भट्ट रघुवर सरकार के अधिकारियों के कारगुजारियों से कितने खुश है?  मैं स्पष्ट बता देना चाहता हूं कि यहां के भ्रष्ट अधिकारियों ने पूरी तरह से प्रशासन को अपने कब्जे में कर रखा है, जिससे नाराज होकर कई अधिकारी केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति का रूख कर रहे है, जैसे कल ही पता चला कि आईपीएस अजय भटनागर भी केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाना चाहते है, अगर ऐसा होता है तो सारे के सारे अच्छे अधिकारी केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले जायेंगे और झारखण्ड लूटखंड में परिवर्तित हो जायेगा। एक बात और हिन्दुस्तान में ही दो और अधिकारियों के केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की बात कही गयी है, इसका मतलब ये भी नहीं कि जो भी केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाना चाह रहे है, वे सभी ईमानदार और देशभक्त ही है। मैंने उनकी देशभक्ति और ईमानदारी कई वर्षों से देख रखी है, ऐसे लोगों को तो जितना जल्दी हो सके, केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति का पत्र हाथ में थमा देना चाहिए, ताकि राज्य का भला हो।
अंत में जाते-जाते, सरकार की पारदर्शिता और ईमानदारी देखिये। मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि में स्टेशन रोड पर एक घटना घटी, एक शराब पीये एक युवक ने अपनी चार चक्के की गाड़ी से होटल बीना के पास खड़ी इनोवा और मोटरसाइकिल को ऐसा धक्का मारा कि इनोवा और मोटरसाइकिल का नक्शा ही बदल गया, चूंकि ये दोनों गाड़ियां खड़ी थी, इसलिए किसी की जान नहीं गयी। कानूनी पचड़े में न पड़े, इसके लिए दोनों पक्ष चुटिया थाने में दूसरे दिन सुलह के लिए पहुंचे। दोनों पक्षों में सुलह भी हो गया और इस सुलह तथा कानूनी प्रक्रिया से मुक्त कराने के लिए इसमें बने आइओ ने बीस हजार रुपये दक्षिणा वसूले, जब मैंने उस आइओ से पूछा कि क्या आप ही आइओ है, तो उसने बड़ी ही शान से कहा, हां हम है आइओ।
बदलता झारखण्ड
विकास की ओर उन्मुख झारखण्ड।

Tuesday, February 21, 2017

आखिर क्यों झारखण्ड छोड़ना चाहते हैं संजय कुमार........

आखिर क्यों झारखण्ड से जाना चाहते है संजय कुमार...
जिनकी नियुक्ति स्वयं मुख्यमंत्री रघुवर दास करते हो, जिनकी नियुक्ति तीन साल के लिए हुई हो, वह शख्स दो साल में ही झारखण्ड क्यों छोड़ना चाहेगा?, कुछ न कुछ तो कारण होगा, कारण क्या है?  हम आपको बतायेंगे, क्योंकि किसी में हिम्मत ही नहीं कि सच दिखाये या सच बताये...
मेरे विचार से, ईश्वर जो करता है, अच्छा करता है...
मैंने सपने भी नहीं सोचा था कि कभी सरकार के लिए काम करना पड़ेगा... पर एक व्यक्ति विशेष के कथन पर, जिनकी बातों को मैं ठुकरा नहीं सकता था, सरकार के लिए काम किया...
इसी दौरान मेरी पहली मुलाकात 5 जनवरी 2016 को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार से हुई। इसी बीच कई अखबारों और पत्र-पत्रिकाओं में इनके खिलाफ अनाप-शनाप छपते रहे, पर मेरा मन कभी नहीं माना कि संजय कुमार ऐसा करते होंगे, जैसा कि आरोप उन पत्र-पत्रिकाओं ने लगाया था, क्योंकि मुझे आदमी पहचानना आता है।
संजय कुमार की सबसे बड़ी विशेषताएं है कि वे प्रतिभा, योग्यता, बुद्धिमता, सादगी जीवन व्यतीत करनेवाले लोगों का बड़ा आदर करते है, वे ऐसे लोगों को भूलकर भी अपमानित नहीं करते, जबकि दूसरे लोग आईएएस का रौब इस प्रकार हांकते है, जैसे लगता हो कि दुनिया का सबसे बड़ा बुद्धिमान और योग्य आदमी वहीं है। ऐसे लोगों की संख्या झारखण्ड ही नहीं, पूरे भारत में भरी-पड़ी है। मैंने इसी झारखण्ड में देखा है कि एक आईएएस अधिकारी जो स्वयं को बहुत ईमानदार शो करता है, पर वो क्या है? मैं अच्छी तरह जानता हूं, क्योंकि प्रमाण मेरे पास मौजूद है।
चूंकि मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव ने स्वयं को झारखण्ड से मुक्त करने का फैसला ले लिया है, तो मैं भी उनसे कहूंगा कि वे जल्द झारखण्ड छोड़ दें, क्योंकि जहां सम्मान न मिले, वहां एक पल भी नहीं रहना चाहिए, और इसी बात पर मैं ताल ठोक कर कहता हूं कि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने धर्म का परित्याग कर दिया। अब ये लाख कोशिश कर लें, इनके द्वारा न तो झारखण्ड का विकास हो सकता है और न ही उत्थान।
और अब हम कारण की ओर चलते है...
1. सारी जनता जानती है कि यहां मुख्यमंत्री रघुवर दास केवल शो पीस है, जबकि प्रत्य़क्ष रूप से असली शासन मुख्य सचिव राजबाला वर्मा और मुख्यमंत्री के सचिव सुनील बर्णवाल चला रहे है। जिस कारण यहां का कोई आईएएस आफिसर क्या करें और क्या नहीं करे, इसी भंवरजाल में फंसा है, जिससे काम प्रभावित हो रहा है।
2. मुख्यमंत्री रघुवर दास जो भी अच्छा काम हो रहा होता है, उसका सारा श्रेय मुख्य सचिव राजबाला वर्मा और अपने सचिव सुनील बर्णवाल को देते है, और जितना भी गड़बड़ होता है, उसका सारा श्रेय प्रधान सचिव संजय कुमार को दे देते है। उसका उदाहरण है – मोमेंटम झारखण्ड। ये कितना सफल होगा, ये तो समय बतायेगा पर इसके आयोजन की सफलता का सारा श्रेय मुख्यमंत्री ने यहां के मुख्य सचिव और सुनील बर्णवाल को दे दिया, जबकि मैं अच्छी तरह जानता हूं, मेरे पास प्रमाण है कि मोमेंटम झारखण्ड की सफलता के लिए संजय कुमार ने पिछले कई महीनों से जब मुख्यमंत्री देश-विदेश का चक्कर काट रहे थे, तो ये इसकी बेहतरी और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। हद हो गयी, जिन्होंने मोमेंटम झारखण्ड के प्रचार-प्रसार को बदरंग कर दिया, वे मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित और जो बेहतर कार्य किया वह अपमानित, ये सिर्फ झारखण्ड में ही हो सकता है, अन्यत्र नहीं।
3. जितना जलन, ईर्ष्या, द्रोह, और एक दूसरे को नीचे गिराने की प्रवृत्ति उपर के अधिकारियों में है, उतना तो नीचे भी नहीं भाई, काहे का आईएएस। मैंने देख लिया। मुख्य सचिव, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग का निदेशक राजीव लोचन बख्शी को बनायी, ये निदेशक करता क्या है?  ये तो अपने प्रधान सचिव की बात ही नहीं मानता, केवल मुख्य सचिव की बात मानता है, ये तो अपने विभाग में भी कम बैठता है, इसका ज्यादा समय प्रोजेक्ट बिल्डिंग में ही गुजरता है, क्यों आप समझते रहिये और इस कारण क्या हो रहा है, नतीजा आपके सामने है। मंत्री अमर कुमार, अमर कुमारी हो जाते है, राज्यपाल का नाम गलत लिख दिया जाता है, रांची को खनिज राजधानी बना दिया जाता है, और आश्चर्य कोई बोलनेवाला नहीं, आश्चर्य विज्ञापन की लालच में गलत विज्ञापन को भी अखबार परोस देता है। है न आश्चर्य... ये सिर्फ झारखण्ड में ही दिखता है।
4. ऐसे भी मुख्यमंत्री रघुवर दास अब ज्यादा दिनों तक मुख्यमंत्री के रूप में नहीं रहेंगे, क्योंकि स्थिति उन्हें नहीं मालूम, कनफूंकवे उन्हें जो कह रहे है, वे मान ले रहे है, पर उन्हें पता नहीं कि जनता और कार्यकर्ता दोनों इनके व्यवहारों से क्षुब्ध हो गये, जरा देखिये कल ही की तो बात है, कृषि और श्रम मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भाजपा कार्यालय में दरबार लगाया, क्या मुख्यमंत्री और कनफूंकवे बता सकते है कि कितने कार्यकर्ता उनके दरबार में पहुंचे, ज्यादा जानकारी के लिए आज का प्रभात खबर का पृष्ठ संख्या 8 देख लीजिये, पता चल जायेगा, क्या स्थिति है...
अंत में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार जी, आप कहीं भी जाये, आपको कोई फर्क नहीं पड़ेगा, पर जो रघुवर दास को फर्क पड़ेगा, वे तो रघुवर दास भी नहीं जानते। सत्ता के मद में, एक सामान्य व्यक्ति कैसे असामान्य होने की कोशिश करता है, उसका उदाहरण है – मोमेंटम झारखण्ड और आपका यहां से जाना।
पुनः मेरी ओर से यहां से जाने की अग्रिम बधाई, स्वीकार करें, हालांकि अखबार ने आपके जाने की खबर आज छापी, पर मैं तो दो महीने पूर्व ही जान गया था कि आप यहां नहीं रहेंगे... क्योंकि धर्म कभी अधर्म के साथ नहीं रहा... वो तो सत्य है, शाश्वत है।
आपके जाने के बाद झारखण्ड ने क्या खोया, ये झारखण्ड को अवश्य ही पता चलेगा। ईश्वर आपका मार्ग प्रशस्त करें.......

Monday, February 20, 2017

कनफूंकवों की हालत खराब.......

कनफूंकवों की हालत खराब, गाली गलौज पर उतरे...
मैंने जब से मुख्यमंत्री रघुवर दास को आइना दिखाने की कोशिश क्या कर दी?
बेचारे कनफूंकवे परेशान हो गये...
अब वे अपने टूकड़ें पर पलनेवाले लोगों को मिलाकर एक टीम बनायी है, ये टीम रात में शराब पी लेने के बाद नशे में आकर खूब उटपुटांग बकती है और सोशल साइट का इस्तेमाल मेरे को गाली देने के लिए उपयोग कर रही है। मैं उन्हें बता देना चाहता हूं कि मैं इनसे भय खानेवाला नहीं हूं... क्योंकि मुझे किसी का सलाहकार नहीं बनना और न ही मुझे लोकसभा या राज्यसभा का टिकट पाकर उपकृत होना है, या रांची या किसी अन्य महानगर में महल खड़े करने है, हां जिनको करना है, वे करते रहे...
मुझे गाली देनेवाले, अगर ये सोचते होंगे, कि वे ऐसा कर मुख्यमंत्री रघुवर दास के बहुत प्रिय हो जायेंगे, तो हो जाये, इसकी हमें परवाह भी नहीं और न मैं इस हेतु लिखता हूं कि मुझे इसके बदले कुछ प्राप्त हो जाये... अगर मुझे चाटूकार बनने और जनता के पैसे की लूटने की आदत होती तो मैं भी अपने लिए वो सब कुछ कर लेता, जिसके लिए लोग अपनी जमीर बेचते है...
और मुझे बेरोजगार कहनेवालों, आओ मैं तुझे रोजगार दूंगा, बैठाकर खिलाऊंगा...
और मैं बेतूके प्रश्नों का जवाब भी नहीं देता, जिन प्रश्नों का जवाब बच्चा – बच्चा जानता है, और जिसका जवाब मैं स्वयं ही सोशल साइट पर दे चुका हूं।
और ये भी जान लो, जवाब भी मर्द को दिया जाता है, नामर्दों को नहीं, जो छद्म नाम से लिखा करते है मैं उन्हें ही नामर्द कहता हूं। मैं तो जो भी करता हूं, डंके की चोट पर करता हूं, अपने आइडी पर करता हूं, तुम्हारे जैसा किसी शाहरूख खान के आइडी का इस्तेमाल नहीं करता और न ही मुख्यमंत्री से संबंधित कार्यालय के आइडी का इस्तेमाल करता हूं...
मैं वह भाजपा विधायक भी नहीं, कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के आते ही, अपने पूर्व विधायकी का रौब दिखाकर, जातीयता का रौब दिखाकर, सीएम के टूकड़ों पर पलने लगूं...
आज मैं, जो भी हूं, अपनी प्रतिभा, अपनी ईमानदारी और अपनी काबिलियत पर....
किसी की रहमोकरम पर नहीं... आज तक मैं किसी के पास नौकरी मांगने भी नहीं गया, यहां नौकरी तो खूद मेरे दरवाजे पर आती है....
बेवकूफों, गलत दरवाजा खटखटा दिये, मेरे पास तो अभी बहुत सारे उदाहरण है, जो जनहित में हमें उठाने है, ताकि सत्ता में बैठे प्रमुख शासक को पता चले कि जनता उनके क्रियाकलापों से कितनी परेशान है, जब तक शासक को पता नही चलेगा कि उसके क्रियाकलापों से जनता को कितना नुकसान है, वो जानेगा कैसे?
आखिर जनता की बात, मुख्यमंत्री रघुवर दास को बतायेगा कौन? हम जैसे लोग ही तो बतायेंगे, ताकि जनता की बात मुख्यमंत्री रघुवर दास तक पहुंचे, तुम लोग तो केवल वाह-वाह करोगे, और उसके बदले राजा से उपकृत होगे। अखबारवाले – चैनलवाले अगर ईमानदारी से काम कर रहे होते तो हम जैसे लोगों को ये सब करने की जरूरत ही क्यों पड़ती?
मैं, इस लेखन के माध्यम से उन सारे पत्रकारों को धन्यवाद देता हूं जो विभिन्न समाचारपत्रों और चैनलों में काम करने के बावजूद अपना जमीर नहीं बेचा और सोशल साइट के माध्यम से जनता की आवाज सरकार तक, मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का कार्य किया... उन्हें दिल से आभार।
आशा है, मुख्यमंत्री जगेंगे, कनफूंकवों से सावधान रहेंगे...
और अंत में, एक बार फिर...
कल का ही अखबार देख लो... अब तो अवधेश कुमार पांडेय भी नहीं है, अब तो तुम्हारे ही कहने पर डायरेक्टर भी नियुक्त हो गया, वो क्या नाम है उसका राजीव लोचन बख्शी। कारण बताओ नोटिस प्राप्त करनेवाले एक अधिकारी को सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग में बैठा दिया गया। उसके बाद भी राज्य के सभी प्रमुख अखबारों में छपे विज्ञापन इटखोरी महोत्सव में इतनी गड़बड़ियां क्यों?  मंत्री अमर कुमार बाउरी, अमर कुमारी कैसे हो गये, जय प्रकाश सिंह भोक्ता, भोगता कैसे हो गये... गलतियां ठीक नहीं कर रहे और चल दिये हम पर अंगूली उठाने... आज ही का विज्ञापन देखो। भला रांची खनिज राजधानी कब से बन गया, यानी जो मन करे, छाप दो, और कहो मैं ही सहीं हूं.... जब कोई गलती दिखाये तो सुधरने के बजाय उसे ही सुधारने का प्रयास बंद करो... बंद करो ये सब, नहीं तो कहीं के नहीं रहोगे।
कनफूंकवों याद रखो, अब भी वक्त है, मेरे से उलझने से अच्छा है, स्वयं में सुधार लाओ... मैं फिर लिखूंगा, जल्द ही देखना मेरे फेसबुक साइट पर, वह भी जनहित में, तुमको जो करना है, कर लो...

Friday, February 17, 2017

कुछ सवाल अपने मुख्यमंत्री रघुवर दास यानी शाहरूख खान से.....

कुछ सवाल अपने मुख्यमंत्री रघुवर दास यानी शाहरूख खान से......
भाई रघुवर दास जी उर्फ शाहरूख खान जी, अब तो मोमेंटम झारखण्ड खत्म हो चुका, खुब एमओयू भी कर लिये, हाथी भी उड़ा लिये, अब लगे हाथों जनता के सवालों का जवाब भी दे दीजिये...
सवाल इस प्रकार है...
1. आप हमेशा ईमानदार और पारदर्शी शासन की वकालत करने की दुहाई देते रहते है, तो लगे हाथों आप ये बताइये कि इस मोमेंटम झारखण्ड मेले में कितने रुपये खर्च हुए, ताकि हम आपकी पारदर्शिता को समझ सकें।
2. आपके पास सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग है, जिसका काम सरकार और जनता के बीच सेतु बनकर, सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है, फिर भी इस विभाग के रहते आपने अपनी ब्रांडिंग कराने के लिए तीन – तीन कंपनियों को झारखण्ड क्यों बुलाया?
3. क्या आप इस बात को स्वीकार करते है कि सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग में जितने भी अधिकारी या कर्मचारी है, वे सभी अयोग्य है, जिसके कारण आपको प्रभातम, इवाई, एड फैक्टर, सीआइआइ जैसी कंपनियों को बुलाना पड़ा या कुछ और बात है।
4. जो कंपनियां माननीया राज्यपाल का नाम ठीक से नहीं लिख पाती, जिसे गवर्नर का स्पेलिंग नहीं आता, जो श्रीमती सही है या श्रीमति सही है का विभेद नहीं कर पाती, जो झारखण्ड के मानचित्र को बंगाल की खाड़ी तक पहुंचा देती है, ऐसी कंपनियों को आपने बुलाकर ये नहीं सिद्ध किया कि आपको ब्रांडिग के क्षेत्र में ज्ञान का अभाव है।
5. आखिर आप ये बताएं कि विभिन्न अखबारों में छपे विज्ञापन में जिस दिन मोमेंटम झारखण्ड का समापन होना है, उसमें राज्यपाल महोदया का फोटो क्यों नहीं है?
6. आपके द्वारा आयातित मूर्ख कंपनियों द्वारा लगाये गये राज्य के विभिन्न शहरों के होर्डिंगों में mineral को जिसने miniral लिख दिया, ताम्बा को जिसने तांबां लिख दिया, अबरख को जिसने अभ्रख लिख दिया, बोकारो को जिसने बुकारो लिख दिया। इस पर आप क्या कहेंगे?
7. आप यह भी बताये कि किसके कहने पर, किस अधिकारी के इशारे पर इन कंपनियों को झारखण्ड बुलाया गया, जिन्होंने राज्य के धन का दुरूपयोग किया, क्या इन कंपनियों के भाजपा या संघ या राज्य के किसी उच्चाधिकारियों के साथ संबंध है? क्योंकि अखबारों में छपे विज्ञापन से इनकी मूर्खता का स्पष्ट आकलन आम जनता को हो चुका है और यह भी सिद्ध हो गया कि सिर्फ इन्हें लाभ दिलाने के लिए और कमीशन प्राप्त करने के उद्देश्य से इन मूर्ख कंपनियों को मोमेंटम झारखण्ड में सम्मिलित किया गया।
8. आप यह भी बताये कि राज्य में असली शासन कौन चला रहा है, आप या कोई और, क्योंकि चर्चा यह भी है, कि असली शासन तो ब्यूरोक्रेट चला रहे है, आप तो सिर्फ मुहरे है।
9. आप यह भी बताये कि आइपीआरडी में जिस अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी हुआ, उक्त अधिकारी को आनन-फानन में आपने पुनः योगदान करने के लिए क्यों बुलाया और किसके इशारे पर ऐसा किया?
10. 16 फरवरी को आपके इशारे पर, जो चार पृष्ठों का पेड न्यूज की शक्ल में विभिन्न अखबारों में जो समाचार छपवाये गये, उसमें एक अखबार जिसका नाम दैनिक भास्कर है, उसने लिखा कि झारखण्ड ईज आफ डूइंग बिजनेस में शीर्ष पायदान पर पहुंच गया है, ये झारखण्ड कब शीर्ष पायदान पर पहुंचा, जरा आप आम जनता को बतायेंगे।
11. खेलगांव में जो मेक इन इंडिया का प्रतीक शेर बना है, उस शेर की आकृति को कुत्ते की शक्ल किसने दे दी?
12.  मोमेंटम झारखण्ड पर आप श्वेत पत्र जारी करेंगे?
कुछ सुझाव.....
1. मेले लगाकर कहीं भी निवेश नहीं होता, यह जान लीजिये, उसका सबसे सुंदर उदाहरण है – राजस्थान। जहां पिछले वर्ष इसी प्रकार का तामझाम कराकर निवेश हेतु मेला लगा था, पर हुआ क्या, नतीजा ठन-ठन गोपाल।
2. आप कहते है कि पूर्व में यहां स्थिर सरकार नहीं थी, जिसके कारण यहां निवेश नहीं हुआ, आज यहां स्थिर सरकार है, भाई रघुवर दास उर्फ शाहरूख खान जी, हम आपको बता दें कि राजस्थान में हमेशा से ही स्थिर सरकार रही है, फिर भी वहां निवेश नहीं हुआ, निवेश का स्थिर सरकार से उतना लेना-देना नहीं, जितना आधारभूत संरचना और कानून व्यवस्था से है।
3. आपके तो मुख्यमंत्री जनसंवाद केन्द्र में लड़कियां सुरक्षित नहीं, कुछ लड़कियां तो डर से मुंह ही नहीं खोलती और जो खोलती है, उसका जीना दूभर आप करवा देते है, उसे न्याय भी नहीं देते और न दिलवाते है, आपको याद है, ये लड़कियां आपके पास भी गुहार लगायी और अभी तक उन्हें न्याय नहीं मिला, हद हो गयी...
4. आपही के राज्य में रांची बूटी मोड़ में जिस लड़की के साथ दुष्कर्म कर उसकी नृशंस हत्या कर दी गयी, उस लड़की के हत्यारों और दुष्कर्मियों को आपकी पुलिस पकड़ नहीं पायी, यहीं नहीं आपके यहां कस्तूरबा में पढ़ रही लड़कियों के साथ क्या हो रहा है? वो तो आपको मालूम ही होगा, ऐसे भी मालूम होने पर भी आप क्या कर लेंगे, आप उन लड़कियों को न्याय थोड़े ही दिला पायेंगे, ये आपके हाथ में भी नहीं है, क्योंकि यहां तो सरकार कोई और चला रहा है।
5. आधारभूत संरचना का हाल तो यह है कि जिस रास्ते से सीएम गुजरे वह रास्ता एक ही साल में कई बार बन जाता है और रांची से जमशेदपुर जाने का रास्ता कब ठीक हो पायेगा, इसका जवाब तो किसी के पास नहीं है।
6. अंत में, यह मत भूलिये कि असली ब्रांडिग सीएम का काम करता है, न कि धूर्त कंपनियां। आप जरा पड़ोस के राज्यों पर नजर डालिये। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक अपने कार्यों से जाने जाते है, न कि धूर्त कंपनियों से ब्रांडिंग कराकर।
आशा है, आप उपरोक्त सवालों का जवाब जनता को अवश्य देंगे और शासन व्यवस्था स्वयं अपने हाथों में लेकर जनहित में फैसले लेंगे, क्योंकि दो वर्ष गुजर गये, तीन वर्ष आप शासन कर पायेंगे या नहीं, ये आपके फैसले पर निर्भर करेगा, एक बात और हठधर्मिता छोड़िये, कल के मोमेंटम झारखण्ड में आपके द्वारा दिया गया भाषण घमंड से भरा था, किसी राज्य के मुख्यमंत्री को इतना घमंड में नहीं रहना चाहिए। सरल बनिये, सहज बनिये और सहृदय बनिये। हो सके तो जितना कटआउट और जितना पोस्टर आप रांची या रांची के बाहर लगवाये है, उसे शीघ्रता से हटवाइये, क्योंकि ज्यादा मिठास और ज्यादा नमक भी भोजन को बेकार बना देता है। आप तो ज्यादा होशियार है, जरा कभी चाय में ज्यादा चीनी अथवा सब्जी में ज्यादा नमक डालकर देख लीजियेगा, पता चल जायेगा।
एक बात और अब समय टाटा-बिड़ला का नहीं, अंबानी और अडानी का है, राज्य की जनता ने देख लिया, अंबानी ने तो आपके कार्यक्रम से दूरी बना ली, गौतम अडानी स्वयं न आकर, अपने प्रतिनिधि को भेजा, जो देश के प्रतिनिधि आये, उनकी धाक भी उतनी अपने देशों में नहीं कि वे अपने देश में आपके लिए कुछ कर सकें, जो भी यहां आये, वे आंख में धूल झोंक कर जनता को गये है, ऐसे आपने छह-सात महीने में निवेश को जमीन पर उतारने का फैसला किया है, छह – सात महीने बीतते देर नही लगती। कुल मिलाकर मोमेंटम झारखण्ड, सच पूछिये तो ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट कम, भाजपाई केन्द्रीय मंत्रियों का सम्मेलन ज्यादा नजर आया। इस दौरान रांची में टेम्पू व टैक्सी नहीं चले, लोगों को रेलवे स्टेशन तक आने और यहां से अपने गंतव्य तक जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है, ये मत भूलिये, आनेवाले समय में जनता आपको माफ करने नहीं जा रही। अब भी मौका है, स्वयं को बदलिये, सीधे जनता से जुड़िये और जनसेवा में लग जाइये नहीं, तो जनता को हर नेता का इलाज करने आता है...
अरे हां, कभी मौका मिले तो ये गाना भी जरुर सुनियेगा, आपको फायदा पहुंचायेगा...
गाने के बोल है...
मीठी मीठी बातों से बचना जरा...
दुनिया के लोगों में है जादू भरा...

Wednesday, February 15, 2017

हर डाल पर रघुवर बैठा है........

हर डाल पर रघुवर बैठा है, अंजामे झारखण्ड क्या होगा......
जी हां, हर जगह रघुवर दास बैठे है, गलियों में, दुकानों में, घरों में, होर्डिंगों में, पोस्टरों में, बैनरों में, एलइडी में, सड़कों पर, पेड़ों पर, यानी कौन ऐसी जगह है, जहां रघुवर दास यानी अपना शाहरूख खान नजर नहीं आ रहा। आप कहेंगे कि शाहरूख खान, जी हां आजकल अपने रघुवर दास, शाहरूख खान के नाम से खासे लोकप्रिय हो रहे है। इनका नया नाम शाहरूख खान लोगों ने इसलिए दिया है कि वे फिलहाल स्वयं को शाहरूख खान से कम नहीं समझ रहे। उन्होंने स्वयं को शाहरूख खान बनाने और दिखने के चक्कर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी हाशिये पर लाकर खड़ा कर दिया है, अगर पोस्टर-बैनर-होर्डिंग की बात करें तो प्रचार में अपने रघुवर दास यानी शाहरूख खान शीर्ष पर है, दूसरे नंबर पर महेन्द्र सिंह धौनी तथा तीसरे स्थान पर उड़ता हाथी और चौथे स्थान पर कोई नजर ही नहीं आता, इसलिए आगे की बात करनी ही बेमानी है। हम आपको बता दें कि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने, खुद को शाहरूख खान समझने के कारण, देश व राज्य के महान नेताओं व महान विभूतियों को मोमेंटम झारखण्ड कार्यक्रम में ठिकाने लगा दिया है।
जरा पूछिये रघुवर दास यानी शाहरूख खान से...
खुद का पासपोर्ट साइज का फोटो तो हर जगह लगवा दिया सत्ता की बदौलत, पर रांची की वह कौन सी जगह है, जहां इस शाहरूख खान ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का कट आउट लगवाया या महात्मा गांधी का छोटा सा पोस्टर ही लगवाया। जिन्होंने झारखण्ड निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाई, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के फोटो कहां है? जरा पूछिये रघुवर दास यानी शाहरूख खान से कि इस राज्य के महान पुरोधा भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, जतरा टाना भगत, नीलाम्बर-पीताम्बर, विश्वनाथ शाहदेव, शेख भिखारी इस मोमेंटम झारखण्ड में कहां है? जरा पूछिये अखबारों में विज्ञापन निकालकर खुद के नाम के आगे श्री लगानेवाला और उदयोगपतियों को विज्ञापन में प्रमुखता से स्थान दिलानेवाले से, कि आखिर जिस सड़क को यह बार-बार बनवा रहा है, जिस सड़क को चमकाने में करोड़ों फूंक दिये, वहीं सड़क जो महात्मा गांधी मार्ग के नाम से जाना जाता है, वहीं पर स्थापित महात्मा गांधी की मूर्ति धूल-धूसरित क्यों है? वह जवाब नहीं दे पायेंगे, क्योंकि इसका जवाब अपने शाहरूख खान के पास नहीं है और नहीं कोई पूछेगा?
वह इसलिए नहीं पूछेगा कि सबको अपनी – अपनी बीबी और बच्चे प्यारे है, कल ही की तो बात है, सभी अपने बीवी के साथ वेलेन्टाइन डे मनाने में व्यस्त थे। जो अखबार नहीं आंदोलन है, वे तो रघुवर यानी अपने शाहरूख खान की स्तुति गा रहे है, ऐसे भी राज्य के सभी अखबार या बाहर के अखबार सभी अपने शाहरूख खान की स्तुति गा रहे है क्योंकि अपना शाहरूख खान सबके लिए व्यवस्था कर चुका है। दिल्ली से पत्रकारों की विशेष टीम अलग से बुलाई जा रही है और उन्हें वीवीआइपी ट्रीटमेंट देने की व्यवस्था कर दी गयी है, ये पत्रकारों की टीम आज ही रांची पहुंच रही है, उधर रांची स्थित पत्रकारों को सामान्य ट्रीटमेंट देने की व्यवस्था की गयी है, क्योंकि अपना शाहरूख खान जानता है कि रांची के पत्रकारों की क्या औकात है?  ऐसे भी इसके लिए रांची के पत्रकार ही दोषी है, क्योंकि स्वयं को इन्होंने मजबूत बनाया ही नहीं और न इनके आका इन्हें मजबूत बनने देना चाहते है।
इधर राज्य की प्रमुख विपक्षी दल झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने मोमेंटम झारखण्ड से स्वयं को दूर कर लिया है, अन्य दलों की भी यहीं स्थिति है, क्योंकि कोई नहीं चाहता कि वह जनता से दूर रहे, क्योंकि फिलहाल आनेवाल चुनाव में राज्य की जनता का खौफ उनके नेताओं के चेहरे पर साफ दिख रहा है। इधर राजद नेता गौतम सागर राणा तो मोमेंटम झारखण्ड पर ही सवाल उठा देते है, वे पूछते है कि पहले रघुवर ये बताये कि क्या राज्य में पुनर्वास आयोग का गठन हुआ है?  क्या जिन जमीनों को उन्होंने लैंड बैंक में दिखाया है, उन गैरमजरूआ जमीन पर जो बरसो से लोग रह रहे है, वे इनके कहने पर वहां से चले जायेंगे, उनकी व्यवस्था सरकार ने क्या किया है? आपने जमीनी स्तर पर कुछ नहीं किया और चल दिये मोमेंटम झारखण्ड कराने और अपना चेहरा चमकाने। पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी तो साफ कहते है कि जो यहां पूर्व में निवेश हुआ, और उस निवेश से जो लोगों को अनुभव प्राप्त हुए है, वे यहां के लोगों के अनुकूल नहीं है, इसलिए मोमेंटम झारखण्ड जैसे आयोजन का यहां कोई औचित्य नहीं।
दूसरी ओर आज अखबारों में एक समाचार पढ़ने को मिला, कि धनबाद के डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार और सिमडेगा के डिप्टी कलेक्टर सत्यम कुमार जो शराब पिये हुए थे, जो मोमेंटम झारखण्ड के लाइजनिंग अफसर है, ठेकेदार से ही उलझ पड़े, यानी जिस राज्य में ऐसे – ऐसे अधिकारी जो विशेष अवसरों पर, जिन्हें विशेष दायित्व मिले है, और वे शराब पीकर उलझते है, जिन्हें पकड़कर कोतवाली थाने लाया जाता है, जो पीआर बाउंड भरने पर थाने से छोड़े जाते है, ये बताने के लिए काफी है कि ये मोमेंटम झारखण्ड अथवा ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट इस राज्य में कितना सफल होगा? ऐसे भी जब अपने मुख्यमंत्री रघुवर दास यानी अपने शाहरूख खान ही दारू बेचने और बेचवाने के लिए तैयार है तो इन अधिकारियों के लिए तो पीना और जीना आम बात हो ही गयी है...
बदलता झारखण्ड
विकास की ओर उन्मुख झारखण्ड

Tuesday, February 14, 2017

एक राजा था.......

एक राजा था...
हां जी, एक राजा था। वो बहुत सनकी था। उसके राजदरबार में कनफूंकवों की संख्या ज्यादा थी। राजा कनफूंकवों की मदद से राज संचालन किया करता था। राजा को लगता था कि उसके राज्य में सर्वाधिक बुद्धिमान और सारे शास्त्रों के ज्ञाता कनफूंकवे ही है। इसलिए राजा कनफूंकवों की बातों को कभी नजरंदाज नहीं करता था। कनफूंकवें भी जानते थे कि राजा को आत्मप्रशंसा के अलावा, उसे राज्य और राज्य की जनता की कोई फिक्र नहीं, इसलिए वे बेमतलब की बातों को ही लेकर राजा के पास जाते और उसकी तारीफ में कुछ सुना दिया करते, जिससे राजा प्रसन्न हो जाता और कनफूंकवों की उसकी काबिलियत की खुब प्रशंसा करता।
एक दिन उसी राजा के राज में एक ठग आया। उसने जब राजदरबार की हकीकत देखी, तो उसे समझ में आ गया कि यहां का राजा सनकी और महामूर्ख है, यहां कनफूंकवे राज चला रहे है। ऐसे में उसकी दाल यहां आसानी से गल जायेगी, साथ ही वह खूब धन इकट्ठे करके वह अपने नगर को भी जा सकता है। उसने सर्वप्रथम पूरे राज में यह अफवाह फैलायी कि उसके पास ऐसा पतला कपड़ा है कि जिसे पहननेवाले को पता ही नहीं चलेगा कि उसने कुछ पहन रखा है, ये कपड़ा ऐसा है कि जो इसे पहनता है, उसकी शारीरिक सौंदर्य और बढ़ जाती है। बुढ़ा जवान और आकर्षक हो जाता है। वह ऐसा दिव्य कपड़ा यहां के राजा को भेंट करना चाहता है। जब राजा के कनफूंकवों की इस बात की जानकारी मिली तो वे लोग उस ठग के पास पहुंचे। कनफूंकवों ने ठग से कहा कि वे लोग, उसे राजा के पास ले जा सकते है, पर इसके बदले में कनफूंकवों को वह क्या देगा? ठग ने कहा कि राजा इस दिव्य कपड़े के बदले में जो भी राशि देगा, उसका दस प्रतिशत वह कनफूंकवों को दे देगा।
फिर क्या था... कनफूंकवों ने राजा से ठग को मिलवाने की हामी भर दी। जल्दी ही कनफूंकवों ने राजा को बताया कि यहां इस राज्य में एक ऐसा आदमी है, जो एक दिव्य कपड़ा लाया है, जिसे पहनने से पता ही नहीं लगता कि कोई कपड़ा पहना है और उस कपड़े को पहनने से व्यक्ति और सुंदर दिखता है। राजा ने कनफूंकवों से उस व्यक्ति को बुलाने का संदेश भिजवाया। ठग जल्द ही राजा के पास पहुंचा। राजा को वह पतली पारदर्शी प्लास्टिक की बनी कपडों को भेंट किया। साथ ही यह भी कहा कि इसकी सबसे बड़ी दुर्गुण यह है कि जो भी व्यक्ति इस कपड़े की आलोचना करता है या पहननेवाले की आलोचना करता है, या शिकायत करता है या हंसी उड़ाता है, वह पलक झपकते ही अंधा हो जाता है। राजा ने और कनफूंकवों ने जनहित में यह ढिंढोरा पिटवा दिया कि राजा जब ये विशेष कपड़े पहनकर निकले तो कोई भी ऐसा काम न करें, नहीं तो उसे अँधा होने का खतरा है।
इधर ढिंढोरा पीटवाने के बाद, राजा जब प्लास्टिक के बने पारदर्शी कपड़े पहनकर नगर परिभ्रमण को निकला तो सभी यह देखकर आश्चर्यचकित हो गये, राजा जो कपड़े पहना था, उससे राजा नंगा दिख रहा था, पर कनफूंकवें और राज्य की जनता अंधे होने के भय से राजा के खिलाफ कुछ बोल नहीं रहे थे। सभी राजा की वाह-वाह करने में लगे थे, तभी कहीं से कोई बच्चा, दौड़ता हुआ आया, जहां राजा था, उसने राजा को जब देखा तो कहा कि ये राजा कैसा कपड़ा पहना है, जो पूरी तरह से नंगा दीख रहा है, और वह देखते ही देखते चिल्लाने लगा – राजा नंगा है, राजा नंगा है....
बच्चे को इस तरह चिल्लाते और बच्चे पर कोई अँधापन का असर नहीं देख, राजा को समझते ये देर नहीं लगी कि उनके दरबारियों-कनफूकवों और उस व्यक्ति ने जिसने कपड़े दिये, राजा को उल्लू बनाया।  राजा तुरंत राजमहल गया, और उन कनफूंकवों को एक महीने तक पूरे नगर में नंगे होकर परिभ्रमण करने की सजा सुनाई। यह कहानी मैंने बचपन में सुनी थी। आज प्रत्यक्ष रूप से देख रहा हूं, अनुभव कर रहा हूं, ठीक उस राजा की तरह, झारखण्ड का भी हाल है। कनफूंकवों ने पूरे राज्य को हंसी का पात्र बना दिया है, स्थिति ऐसी है कि जनता त्रस्त है पर अधिकारी और कनफूंकवे मस्त है। सब को लगता है कि झारखण्ड मस्ती में डूबा राज्य है, पर सच्चाई से सब वाकिफ है, फिर भी कोई सच को स्वीकार करने को तैयार नहीं है, क्या हम समझे कि कोई बच्चे की आवाज यहां के राजा तक पहुंचेगी और यहां का राजा सच को स्वीकार करेगा और उन्हें दंडित करेगा, जो राज्य को दुख के सागर में ढकेलने के जिम्मेवार है।

महात्मा गांधी ने कहा था..........

महात्मा गांधी ने कहा था –
जो सबसे गरीब और कमजोर आदमी तुमने देखा हो, उसकी शक्ल याद करो और अपने दिल से पूछो कि जो कदम उठाने का तुम विचार कर रहे हो, वह उस आदमी के लिए कितना उपयोगी होगा? क्या उससे उसे कुछ लाभ पहुंचेगा? क्या उससे वह अपने ही जीवन और भाग्य पर कुछ काबू रख सकेगा? यानि क्या उससे उन करोड़ो लोगों को स्वराज्य मिल सकेगा? जिनके पेट भूखे है और आत्मा अतृप्त है तब तुम देखोगे कि तुम्हारा संदेह मिट रहा है और अहम समाप्त हो रहा है।
हम महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता मानते है, पर कोई बता सकता है कि हम महात्मा गांधी की बातों का कितना अनुसरण करते है?  संघ जिसकी राजनीतिक इकाई भाजपा है, क्या कोई बता सकता है कि संघ की विचारधाराओं को कितने स्वयंसेवक जो अभी राजनीतिक जीवन जी रहे है, उसका अनुसरण कर रहे है?  अगर जवाब है – ऐसा नहीं, तो फिर क्या आवश्यकता है? संघ को और महात्मा गांधी को ढोने की।
निरंतर स्वदेशी की बात करनेवाला संघ और उसके ईमानदार स्वयंसेवकों के हालत पस्त है, और ये हालत पस्त किसी और ने नहीं, बल्कि उन्हीं की राजनीतिक इकाई भाजपा ने कर दी है। कांग्रेस और उसके आनुषांगिक संगठनों ने तो महात्मा गांधी के स्वदेशी और ग्राम स्वराज्य को कब का आग लगा दिया था, तभी तो देश की हालत यह है कि आजादी के बाद से लेकर आज तक कभी भी भारत आर्थिक रूप से मजबूत ही न हो सका। ऐसे भी हमारे देश में आजादी के बाद एक-दो नेताओं को छोड़कर, कोई ऐसा नेता नहीं पैदा लिया, जिसने देश की आर्थिक समृद्धि के लिए ईमानदारी से प्रयास किया हो और विपक्ष ने ईमानदारी से ऐसे कार्य के लिए समर्थन किया। दोनों ओर यानी सत्तापक्ष और विपक्ष में शामिल नेताओं और एक नंबर के मूर्ख अधिकारियों के दल ने देश की ऐसी शक्ल बिगाड़ी कि यह देश कभी खड़ा ही नहीं हो सका और न अब लगता है कि यह खड़ा हो पायेगा।
जरा सोचिये जो चीन, संयुक्त राष्ट्र संघ में हमारा खुलकर विरोध करता है, जो चीन हाफिज सईद का समर्थन करता है, जो चीन अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा ठोकता है, उससे यह कहना कि वह मेरे देश में पूंजी निवेश करें और चीन ईमानदारी से पूंजी निवेश कर भारत को आर्थिक रूप से मजबूत करने का दावा करें, ये माननेवाली बात है। यह तो वहीं बात हुई कि बिल्ली को कहा जाय कि तुम दुध की रखवाली करो। कितने शर्म की बात है, कि हम आज भी अपने शत्रु से अपनी आर्थिक समृद्धि की कामना करते है।
अभी ज्य़ादा दिनों की बात नहीं, 2016 की दिवाली, याद करें। रांची से प्रकाशित एक अखबार ने स्थानीय कुम्हारों के दर्द बयां किये थे, बताया था कि दिवाली के पर्व से असली दिवाली का आनन्द हमारा पड़ोसी चीन उठा रहा है, हम उसे मजबूत कर रहे है, और वहीं चीन आर्थिक रूप से समृद्ध होकर भारत की तबाही का मंसूबा रखता है। इसी दौरान चीन के इस दोहरे मापदंड पर झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास का बयान भी सुनने और पढ़ने को मिला कि लोग चीन का सामान न खरीदकर भारतीय सामान खरीदें और देश को आर्थिक रूप से मजबूत करें। एक भाजपा समर्थक तथाकथित संत रामदेव है, जो हर समय देश के विभिन्न चैनलों पर स्वयं द्वारा निर्मित सामग्रियों का प्रचार करते है, यह कहकर कि भारत को आर्थिक गुलामी से मुक्त करायें पर सच्चाई क्या है?
इन भाजपाइयों के दोहरे मापदंड, स्वयंसेवक के नाम पर संघ को धोखा देनेवाले इन नेताओं की जादूगरी, बाजीगरी, कलाकारी और देश व राज्य के साथ धोखाधड़ी देखिये।  उसका सुंदर नमूना है – मोमेंटम झारखण्ड। मूर्खों ने हाथी तक उड़ा दिया है। हाथी जो काले रंग का होता है, उसे लाल रंग का बना दिया है। यहीं नहीं उसके कान नीले रंग के बना दिये गये, उसे हरे पंख लगाकर उड़ा दिया गया और इस तमाशे रुपी हाथी के निर्माण मे सरकार के तीस लाख रुपये खर्च हो गये, यानी यहां बेवकूफों को भी पैसे देकर उसका सम्मान बढ़ाया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता और संघ के स्वयंसेवकों को मूर्ख समझकर उन्हें उनकी औकात बतायी जा रही है, जबकि कनफूंकवों के इशारे पर बाहर से आये बेवकूफों पर करोड़ों खर्च किये जा रहे है, वह भी विज्ञापन के नाम पर, चेहरा चमकाने के नाम पर।
जिन अधिकारियों को जेल में रहना चाहिए, उनका मनोबल बढ़ाया जा रहा है, क्योंकि सत्ता में बैठे लोगों को मोमेंटम झारखण्ड के नाम पर जो बेतहाशा राशि खर्च की जा रही है, उसको कमीशन के रूप में चूंकि ऐसे ही लोग उक्त राशि को उन तक पहुंचा सकते है, इसलिए उनकी सेवा विशेष रूप से ली जा रही है।
मोमेंटम झारखण्ड के नाम पर उन सड़कों को पुनः निर्माण कराया गया है, जिनकी निर्माण की कोई आवश्यकता ही नहीं थी, वे पूर्व से ही इस स्थिति में थे, कि उसके निर्माण की कोई आवश्यकता ही नहीं थी, जबकि आज भी पूरे झारखण्ड की कई सड़कें ऐसी है, जिस पर यात्रा करना मौत को दावत देने के बराबर है, उस पर सरकार का ध्यान ही नहीं है। रांची के मुख्यमार्गों के विद्युत खंभो को सफेद रंग से पोता गया है, और उस पर चीन से मंगायी गयी विद्युतीय लत्तरों को लपेट दिया गया है ताकि रात में इससे रांची का सौंदर्य़ निखरें। सड़कों के दोनों किनारों के फुटपाथों को इस प्रकार जल्दबाजी में बना दिये गये कि आनेवाले समय में इस फुटपाथ पर लगे पेड़ जल्द ही दम तोड़ देंगे। सरकार और सरकार के अधिकारी मोमेंटम झारखण्ड को सफल बनाने में इस प्रकार लग गये है, जैसे लगता है, कि साक्षात भगवान झारखण्ड की धऱती पर अवतरित हो रहे हो। हद तो तब हो गयी कि पूरे रांची में मोमेंटम झारखण्ड के नाम पर निषेधाज्ञा लागू कर दी गयी है, यानी आप अपने परिवार के साथ ठीक से दो दिन चल भी नहीं सकते, यानी जिनको रोजगार देने की बात कर, मोमेंटम झारखण्ड का आयोजन की बात करते है, उन्हें ही औकात दिखा रहे है। स्थिति यह है कि पूरे राज्य में विकास कार्य ठप है। पिछले दो महीनों से किसी भी आफिस में काम नहीं हो रहा। सभी जगह के अधिकारी और कर्मचारी मोमेंटम झारखण्ड ही रट रहे है, जैसे लगता है कि मोमेंटम झारखण्ड नहीं रटा तो उनकी जिंदगी ही प्रभावित हो जायेगी, यानी मानकर चलिए कि हाथी उड़ाने के चक्कर में राज्य की जनता कहीं की न रही और अधिकारियों और कनफूंकवों के तो जैसे दोनों हाथों में नहीं, बल्कि पूरा शरीर ही घी के लड्डू के कनस्तर में।

Tuesday, February 7, 2017

बोलिये शुक्राचार्य की जय.............

झारखण्ड के रांची स्थित सूचना भवन में आइपीआरडी में एक शुक्राचार्य है, हालांकि उसके माता – पिता ने उसका बड़ा ही सुंदर नाम रखा है, पर आप तो जानते ही है कि हमारे देश में एक नाम परिवार रखता है तो दूसरा नाम समाज रखता है। परिवार जो नाम रखता है, उसमें केवल एक ही बात निहित रहता है कि उस बालक के नाम से उसका परिचय हो जाय, जबकि समाज उस बालक के क्रियाकलापों और चरित्र के आधार पर नामकरण कर डालता है। आइपीआरडी में जो शुक्राचार्य है, उसका शुक्राचार्य नामकरण उनके क्रियाकलापों और चरित्र के आधार पर ही, वहां कार्यरत कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने कर दिया है। शुक्राचार्य भी, इस नाम को सुनकर बहुत ही प्रसन्न होता है।
बेशर्मी, कर्तव्यहीनता, मूर्खता भरे काम, सरकारी काम-काज में कैसे बैकडोर से मनपसंदीदा चीजें प्राप्त होती है?, किसी काम को कैसे लटकाया जाता है?, इन सारे कार्यों में उसे महारत हासिल है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के आस-पास रहनेवाले कनफूंकवों से इसकी खूब पटती है। यह कनफूंकवों को खूब टिप्स देता है, साथ ही आइपीआरडी में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छोटी से लेकर बड़ी गतिविधियों की जानकारी, ये मुख्यमंत्री के आस-पास रहनेवाले कनफूंकवों को दे दिया करता है (इस आधार पर आप फिल्म शोले के हरिराम नाई पात्र से इसकी तुलना कर सकते है), यहीं नहीं जब आइपीआरडी में टेंडर खुलता है तो यह अपने लोगों को टेंडर दिलवाने में रात-दिन एक कर देता है और जैसे ही उसके चाहनेवालों को टेंडर प्राप्त होता है, वह मिठाइयां बांटता और खूब अकड़ कर चलता है, साथ ही टेंडर प्राप्त करनेवालों को यह बताना नहीं भूलता कि उसी की कृपा से उसे टेंडर प्राप्त हुआ है, इसलिए टेंडर प्राप्त करनेवाला उसके प्रति हमेशा कृतज्ञ रहे, यह टेंडरप्राप्तकर्ता को इसका समय-समय पर भान दिलाता रहता है, साथ ही धमकी भी दे डालता है कि, नहीं तो वो मुख्यमंत्री के कनफूंकवों को कह देगा, जिससे उसकी परेशानी बढ़ जायेगी। टेंडर प्राप्त करनेवाला भी इस डर से शुक्राचार्य को अपनी सेहत के मुताबिक भेंट चढ़ा देता है, जिससे शुक्राचार्य आशीर्वाद के रूप में अभयदान दे देता है।
शुक्राचार्य की एक सबसे बड़ी विशेषता है कि जबसे बायोमिट्रिक एटेंडेंस बनना शुरू हुआ है तो वह आने और जाने के समय अपना अंगूठा बायोमिट्रिक सिस्टम में लगाना नहीं भूलता और उसके बाद बीच में वो कब आफिस से निकला और कब आया, आपको पता ही नहीं चलेगा। यहीं नहीं मुख्यमंत्री जनसंवाद केन्द्र की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अपना चेहरा चमकाना नहीं भूलता, साथ ही अखबारों में उसकी फोटो छपे, ये भी सुनिश्चित कराना नहीं भूलता, पर इधर कुछ दिनों से उसकी फोटो अखबारों में नहीं आ रही, क्योंकि नये निदेशक ने उससे कुछ और बड़े-बड़े काम लेना शुरु कर दिया है, क्योंकि निदेशक को लगता है कि आइपीआरडी में उसके जैसा विद्वान और कनफूंकवों का मददगार कोई है ही नहीं।
इसकी विद्वता का ही हाल था कि 23 जनवरी को जब मुख्यमंत्री रघुवर दास बजट पेश कर रहे थे तो बजट पेश करने के बाद इसने बजट की प्रति लेने के लिए पत्रकारों के बीच ऐसी व्यवस्था कर दी, जिसकी आलोचना सभी ने की। गड़बड़ियों के लिए दूसरों को दोष देना और हर अच्छे कार्यों के लिए स्वयं को प्रतिष्ठित करना इसकी यादों में शुमार है। चूंकि अभी सभी का ध्यान ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की ओर है तो नये निदेशक ने इसको अपना सबसे प्रिय व्यक्ति मानकर, कार्य करना शुरु कर दिया। हद तो यह भी है कि आजकल ये सूचना भवन में आये नये-नये पदाधिकारियों और समय-समय पर होनेवाले डीपीआरओ की मीटिंग में निदेशक के इशारे पर प्रवचन देना भी शुरु कर दिया है, जिस प्रवचन को उसके ही अधिकारी हवा में उड़ा देते है।
इसकी हरकतों से सभी परेशान है, पर कनफूंकवों के आशीर्वाद तथा नये निदेशक से उसकी मित्रता ने उसका भाव बढ़ा दिया है, जबकि दो महीने पूर्व तक इसकी हालत पस्त रहती थी, क्योंकि इसके गलत कार्यों के कारण तथा दीर्घसूत्रता के कारण शुक्राचार्य को हमेशा डांट पड़ती थी, पर इसके ढीठई ऐसी थी कि इसकी मोटी चमड़ी पर उसका असर ही नहीं पड़ता था, फिर भी आजकल ये स्वयं को निदेशक से कम नहीं समझता, कभी-कभी तो वह यह भी कह देता है कि वह निदेशक से कम है क्या?, क्योंकि जितना वेतन निदेशक को मिलता है, उससे कम तो उसे भी नहीं मिलता...

Monday, February 6, 2017

सीएम की ब्रांडिंग, कनफूंकवा और बेचारी जनता.....

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे इस कार्यक्रम के लिए सीएम की ब्रांडिंग करनेवाले कंपनियों के हाथ-पांव फूलते जा रहे है। हर दो-तीन दिन पर कनफूंकवों की टीम, सीएम के कान में कुछ फूंक दे रही है और लीजिये ब्रांडिंग करनेवाली कंपनियां नये-नये होर्डिंग्स लगाकर सीएम को खुश करने में लग जा रही है, दूसरी ओर मंत्रियों के दल ने इस समिट से धीरे-धीरे दूरियां बनानी शुरु कर दी है। कुछ तो सीधे कहते है कि यह पैसे और समय की बर्बादी है। कुछ तो यह भी कहते है कि हम दूसरे की मांग लाल देखकर, अपना मांग लाल नहीं कर सकते। झारखण्ड, गुजरात या मध्य-प्रदेश नहीं है। यह नवोदित राज्य है, यहां की जनता सर्वाधिक गरीबी से पीड़ित है, ऐसे में इस प्रकार के आयोजन से गरीबी बढ़ेगी, पूंजीपति और संपन्न होंगे।
दूसरी ओर विरोधी दलों के नेता तो ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के नाम से ही भड़क उठते है। वे कहते है कि इस प्रकार के आयोजन से झारखण्ड को नुकसान छोड़, लाभ किसी जिंदगी में नहीं हो सकता, क्योंकि सर्वाधिक पूंजी निवेश का हाल यहां की जनता भुगत रही है। पूरा प्रदेश विस्थापन का दंश झेल रहा है, पर मुख्यमंत्री रघुवर दास केवल अपनी मन की कर रहे है और अधिकारियों के कुछ समूह ने बे-सिरपैर की बातें कर पूरे प्रदेश को भ्रमित कर दिया है। विरोधी दलों के नेताओं का समूह तो यह भी कहता है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास जो नित्य नये-नये होर्डिंग्स और विज्ञापन के माध्यम से जो अपनी ब्रांडिंग कर रहे है, उससे जनता का भला नहीं हो रहा, ये राज्य की जनता के पैसे का अपव्यय है, मुख्यमंत्री को समझ लेना चाहिए।
हम आपको बता दें कि फिलहाल राज्य के बाहर की तीन-तीन कंपनियां सीएम की ब्रांडिंग में लगी है, जबकि राज्य सरकार के क्रियाकलापों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूर्व से ही राज्य में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग कार्यरत है, पर स्थिति ऐसी है कि ये विभाग फिलहाल चूं-चूं का मुरब्बा हो गया है।
यह विभाग जो सीधे मुख्यमंत्री के सम्पर्क में है, स्वयं मुख्यमंत्री को इस विभाग के अधिकारियों पर विश्वास नहीं है, क्योंकि कनफूकवों की टीम, ऐसा मुख्यमंत्री के कान में फूंक देती है कि मुख्यमंत्री को लगता है कि उनके कनफूंकवें सही है और विभागीय अधिकारी गलत है। यहीं कारण रहा कि यहां एक वन विभाग में कार्यरत अधिकारी को विभाग का कार्यभार सौंपा गया, जिसे विभागीय कार्य की जानकारी ही नहीं। जैसे-तैसे विभाग चल रहा है, जो निकम्मे और आलसी थे, आज स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे है। आश्चर्य इस बात की है कि जिसके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, उस अधिकारी को पुनः रांची मुख्यालय में महिमामंडित करने की तैयारी कनफूंकवों द्वारा शुरु कर दी गयी है। कुछ दिनों में ही वह अधिकारी जिसके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जल्द ही सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के मुख्यालय में दिखेगा, उसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है। ...और इधर देखिये ब्रांडिग करनेवाले कंपनियों का हाल, कनफूंकवों ने इनका क्या हाल बना दिया है?
आपको याद होगा कि सर्वप्रथम धौनी द्वारा हाथी को उड़ाते हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को सफल बनाने के लिए जनता से सहयोग मांगा जा रहा था, कनफूंकवों ने जैसे ही सीएम के कान में ये बात कही कि हाथी के उड़ाने से मोमेंटम झारखण्ड का मजाक उड़ रहा है। झट से आनन-फानन में हाथी के उड़ानेवाले बैनर-पोस्टर की जगह केवल धौनी का बैनर-पोस्टर जारी हुआ, हाथी को उड़ानेवाला दृश्य गायब किया गया। इसके बाद फिर कनफूंकवों ने कंपनियों के उपर अँगूली उठाई कि इससे तो धौनी का ब्रांडिग हो रहा है, सीएम रघुवर दास तो कहीं है ही नहीं। तब ऐसे हालत में कंपनियों ने धौनी और रघुवर दास, दोनों का फोटो समेत बैनर-होर्डिंग्स लगानी शुरु की। इस बैनर-पोस्टर लगाने के बाद फिर कनफूंकवों ने कहा कि सीएम इस बैनर-पोस्टर से भी खुश नहीं। कुछ नया होना चाहिए, जिसमें धौनी नहीं, सिर्फ और सिर्फ सीएम होने चाहिए, रघुवर दास होने चाहिए। ब्रांडिंग कंपनियों ने फिर से नया बैनर-पोस्टर बनवाया और आज जगह-जगह केवल रघुवर दास ही अब नजर आ रहे है और धौनी धीरे-धीरे गायब होते दिख रहे है। ज्यादा दिन नहीं, कुछ दिन के बाद, लगता है कि धौनी पूरी तरह से बैनर-पोस्टर से गायब हो जायेंगे और इन बैनरों-पोस्टरों पर रघुवर ही रघुवर दिखेंगे। ऐसे में आनेवाला ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का क्या हाल होगा? समझ लीजिये। बेचारी ब्रांडिंग कंपनियों का क्या? वो तो अपने करार के अनुसार, पैसे लेंगे चल देंगे, ब्रांडिंग किसकी हुई?, झारखण्ड की या सीएम की, ये वक्त बतायेगा, पर इतना तो तय है कि जनता को नुकसान के सिवा कुछ भी हाथ नहीं आयेगा, क्योंकि हाथी उड़ता नहीं है, यह विशालकाय प्राणी जितना खाता है, उतना ही नुकसान भी करता है, पर यहां तो राज्य सरकार और उनके अधिकारियों ने इसे उड़ाने की कोशिश कर दी है, ऐसे में झारखण्ड आज सर्वत्र हंसी का पात्र बन गया है।

मुख्यमंत्री रघुवर दास जी, जनभावनाओं को समझिये, जनता आपसे खुश नहीं हैं................

राज्य की रघुवर सरकार राजधानी रांची में एक ओर 16-17 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन कर रही है, तथा राज्य में पूंजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए देश-विदेश के उद्योगपतियों को मनुहार कर रही है, वहीं 2 फरवरी को विधानसभा में पेश सीएजी की रिपोर्ट ने पूरे राज्यवासियों को हैरानी में डाल दिया है। सीएजी ने कहा है कि टाटा ने सरकारी जमीन बेच दी, जिससे राज्य को 4762 करोड़ की चोट पहुंची, जरा सोचिये अगर रघुवर सरकार द्वारा आयोजित 16-17 फरवरी का ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट अगर सफल हो जाता है तो राज्य की क्या भयावह स्थिति होगी?
संसदीय कार्य मंत्री सरयू राय ने वर्ष 2015-16 के राजस्व प्रबंधन पर सीएजी की रिपोर्ट गुरुवार को विधानसभा में पेश की थी। रिपोर्ट में टाटा और डीवीसी समेत कई कंपनियों और सरकार के राजस्व उगाही करनेवाले विभागों के कार्यकलापों पर गंभीर टिप्पणी की गई है। इसमें कहा गया है कि 11,676 करोड़ रुपये के नुकसान में से 10,282 करोड़ रुपये अभी भी वसूले जा सकते है। शेष 1394 करोड़ रुपये की वसूली संभव नहीं है। महालेखाकार ने तो प्रेस कांफ्रेस कर बताया कि टेस्ट चेक और परफार्मेंस ऑडिट में पता चला कि टाटा स्टील और डीवीसी ने अनधिकृत रूप से सरकारी जमीन बेच दी। लीज खत्म होने के बाद भी 2547 एकड़ जमीन का उपयोग किया। इससे सरकार को 3969 करोड़ रूपये का नुकसान हुआ।
दैनिक भास्कर ने इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया है, जबकि अखबार नहीं आंदोलन कहीं जानेवाली अखबार प्रभात खबर ने इसे इस प्रकार छापा है, जैसे लगता है कि कुछ हुआ ही नहीं, यानी कल तक सदैव कांग्रेस और अपने विरोधियों को कोसनेवाली भाजपा पर उसी के शासन काल में ऐसा दाग लगा है कि जिसे वो चाहकर भी धो नहीं सकती, फिर भी मुख्यमंत्री रघुवर दास का यह कहना कि उनके शासनकाल में भ्रष्टाचार नहीं हुआ, उनके अधिकारी ईमानदार है, इससे बड़ा मजाक दूसरा कोई हो ही नहीं सकता।
इस मामले को लेकर हालांकि विपक्षी दलों में सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। झाविमो सुप्रीमो बाबू लाल मरांडी ने 4 फरवरी को एक प्रेस कांफ्रेस कर कहा कि कैग के रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो गया है कि टाटा स्टील और डीवीसी ने अब तक 1279 – सब लीज के पट्टे बिना सरकारी अनुमोदन के जारी किये है, जिससे राज्य को 3,376.24 करोड़ का राजस्व घाटा हुआ है। अब बिना देर किये सरकार – गहराई से जांच एवं दोषियों को चिह्न्ति करने के लिए पूरे प्रकरण को सीबीआई को सौंप दे। झाविमो सुप्रीमो बाबू लाल मरांडी ने साफ कहा कि जब कैग की रिपोर्ट के आधार पर पशुपालन घोटाला, टू जी, थ्री जी स्पेक्ट्रम घोटाला, कामनवेल्थ गेम घोटाला, कॉलगेट घोटाला की जांच सीबीआई को मिल सकती है, तो इसकी जांच सीबीआई को क्यों नहीं मिल सकती? झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी की बातों में दम भी है। झाविमो नेता ने तो यह भी कह दिया कि वे इस मामले को लेकर अन्य दलों के प्रतिनिधियों के साथ वे जल्द ही राज्यपाल से मिलेंगे।
इस राज्य का दुर्भाग्य है कि चाहे किसी की भी सरकार बने, अंततः यहां की निरीह जनता को ही कष्ट उठाना पड़ा है, वो कहावत है न कि कद्दू पर हसुंआ गिरे या हसुंआ पर कद्दू गिरे, नुकसान तो हर हाल में कद्दू को ही उठाना पड़ा है। सच्चाई यहीं है कि पूरे राज्य में राज्य सरकार ने ऐसी बयार बहा दी है, कि जैसे लगता है कि अगर राज्य में पूंजी निवेश नहीं हो, तो राज्य विकास करेगा ही नहीं, बल्कि इसके उलट झारखण्ड के पड़ोसी राज्य ओड़िशा, बिहार आदि राज्यों ने बिना किसी इस प्रकार के आयोजन के ही राज्य की जनता में ऐसा विश्वास भरा है कि लोगों को लगता है कि राज्य सरकार कुछ कर रही है, पर रघुवर सरकार ने झूठ का ऐसा आडम्बर रचा है कि पूछिये मत। इस झूठ के आडम्बर के खेल में हाथी को भी उड़ा दिया गया है, जबकि राज्य के सभी अखबारों और चैनलों को विज्ञापन की राशि देकर मुंह बंद कर दिया गया है, जिस कारण चाहे वह रांची से प्रकाशित होनेवाले अखबार हो या दिल्ली तथा कोलकात्ता से, सभी अखबारों और चैनलों ने अपने होठ सील लिये है। इससे होनेवाले नुकसान और राज्य की जनता की आवाज को ठेंगे पर रख दिया गया है, तथा रघुवर सरकार की आरती उतारी जा रही है। विपक्षी दलों के नेता अगर सरकार पर अंगूली भी उठा रहे है, तो उनकी बातें नहीं सुनी जा रही। राज्य की जनता इन हालातों को देखकर बेबस है, पर शायद वह अपनी खामोशी तब तक बर्दाश्त कर रही है, जब तक उसके पास विकल्प नहीं आ जाता। लोकतंत्र में पांच साल शासन की मर्यादा ने, राज्य की जनता की जान निकाल दी है। दो वर्ष बीत चुके है, तीन वर्ष अभी और राज्य की जनता को झेलना है, पर कहीं ऐसा नहीं कि राज्य की जनता सरकार के खिलाफ बगावत पर उतर जाये और राज्य के अधिकारी और राज्य के मुखिया, कुछ कर सकने की स्थिति में ही न हो, क्योंकि राज्य के मुखिया को ये नहीं भूलना चाहिए कि लोकतंत्र में जनता ही मालिक है...
टाटा सबलीज मामले ने पूंजी निवेश की असलियत को जनता के समक्ष रख दिया है, अब शायद ही कोई जनता होगी, जो राज्य सरकार के इस ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के प्रति थोड़ी भी सहानुभूति रखेगी, हांलाकि विरोध तो पंचायत स्तर तक हो रहा है, पर रघुवर दास को लगता है कि वहीं सहीं है, और बाकी जनता मूर्ख...