Showing posts with label आइपीआरडी. Show all posts
Showing posts with label आइपीआरडी. Show all posts

Wednesday, June 7, 2017

निदेशक, आइपीआरडी, झारखण्ड का कमाल देखिये.........

जी हां, निदेशक, आइपीआरडी, झारखण्ड का कमाल देखिये...
इन्होंने पिछले तीन महीनों से एक भी होर्डिंग डिजाइन्स विभागीय वेबसाइट पर नहीं डलवाये है, जिसके कारण राज्य के विभिन्न जिलों में एक भी विभागीय होर्डिग्स जो राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे विकासात्मक कार्य की जानकारी जनता को देते है, राज्य के किसी भी जिले में नहीं दिखाई पड़ रहे है...
एक जिला जनसम्पर्क अधिकारी ने निदेशक को याद दिलाया है, वे इस ओर ध्यान दें, आश्चर्य है कि निदेशक ने स्वीकार किया है कि यह सत्य है, वे इस ओर ध्यान देते है, पर आज तक इस ओर उनका ध्यान नहीं गया है।
आश्चर्य इस बात की है कि उक्त जिला जनसम्पर्क अधिकारी ने निदेशक को उनके काम याद दिलाये है, पर निदेशक का अभी ज्यादा ध्यान इस ओर न होकर, उन्हें खुश करनेवाले अधिकारियों और संस्थानों पर है, वे इधर आइपीआरडी के एक बदनाम अधिकारी पर इतने खुश है कि सारा काम आइपीआरडी के उस बदनाम अधिकारी को ही सौंप रहे है, नतीजा पूरा विभाग बदनामी की ओर अग्रसर है।
स्थिति ऐसी है कि मुख्यमंत्री जनसंवाद केन्द्र चलानेवाले संस्थान पर, जिस पर गंभीर आरोप वहीं पर कार्यरत महिलासंवादकर्मियों ने लगाया, उसे फिर से देने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। अब केवल टेंडर की औपचारिकता मात्र बाकी है। आपको आश्चर्य होगा कि मुख्यमंत्री जनसंवाद केन्द्र उक्त संस्थान को सौपने के लिए निदेशक ने जो आनन-फानन में टेंडर निकलवाये थे, उसे देखकर भी आइपीआरडी में चल रहे गोरखधंधे का पता लग जाता है। जरा ध्यान से देखिये 31 मई 2017 को प्रभात खबर के पृष्ठ संख्या 21 पर निकाले गये, नीचे कोने में पड़े आईपीआरडी के विज्ञापन को जो जनसंवाद से संबंधित है। जिसमें टेंडर की सारी तिथियां ही समाप्त हो चुकी है और उसे अखबार में प्रकाशित कराया गया। बाद में जब इस पर हंगामा मचा तो जाकर इस संबंध में एक नया विज्ञापन निकाला गया।
अब आप इसी से समझिये कि कनफूंकवों ने कैसे, मुख्यमंत्री रघुवर दास के इमेज को बिगाड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी शुरु कर दी है?  पर पता नहीं क्यूं मुख्यमंत्री को कनफूंकवों की प्लानिंग ही सर्वाधिक रास आ रही है, नतीजा सामने है...
जरा मुख्यमंत्री जी आपही बताइये...
• जब आपके द्वारा चलाये जा रहे विकासात्मक कार्यों को आपका ही निदेशक आम जनता तक पहुंचाने में रोड़ा अटका दें, तो फिर आपकी इमेज जनता के बीच कैसे बनेगी, वह भी तब जबकि सरकार के इमेज बनाने के लिए ही, सरकार और जनता के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए ही इस विभाग का गठन हुआ और यह विभाग भी आपके ही जिम्मे है, पर वो कौन है कनफूंकवां? जो आपकी इमेज बनाने में पिछले तीन महीने से रोड़ा अटका दिया, आखिर पूछिये आप निदेशक से, वह किसके इशारे पर ऐसा किया और कर रहा है, और अगर वह नहीं बताता है, तो मैं बताने के लिए तैयार हूं।
• पूछिये आप इस निदेशक से कि आखिर किससे इशारे पर 31 मई को गलत विज्ञापन विभिन्न अखबारों में निकाला गया।
• आखिर क्या वजह है कि जो लोग आपको इमेज को बनाने में लगे है, उन्हें साइड कर, ऐसे लोगों से काम लिये जा रहे है, जो आप से पैसे भी ले रहे है और आपकी इमेज का बंटाधार कर रहे है।
भाई सरकार आपका, अधिकारी आपके,  जवाब मांगिये...
पर कनफूंकवे, आपको सच बतायेंगे...
उत्तर होगा – नहीं, कभी नहीं।

Thursday, February 9, 2017

रघुवर के अरे राज में, अर्जुन तीर चलाए............

ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट की, चर्चा है चहुंओर।
नेता - अधिकारी बने, देखो माखनचोर।।
विज्ञापन से सब नपे, नपे चैनल-अखबार।
गिफ्ट-रुपये से नपे, नपे संपादक-पत्रकार।।
सागर पवित्र स्नान को, जब मन करे ललचाय।
पूंजीपति-राजनीतिबाज को, चले सब माथ नवाय।।
कनफूंकवों की चल बनी, ईमानदार बौराए।
रघुवर के अरे राज में, अर्जुन तीर चलाए।।
सीएस के आगे डायरेक्टर, पीआरडी शीश नवाए।
जैसे-जैसे वे कहे, वैसे ही वह करते जाये।।
किसी की भी ना सुने, सिर्फ सुने वह कान लगाये।
सीएस की ही चाकरी, दिन-रात करत बिताये।।
सीएस की ही ब्रांडिंग, हो रही अखबार में आज।
पीछे हो गये सीएम, अब सीएस चलाये राज।।
कल तक पीएम को भूलो, अब पीएम को करो याद।
आनन-फानन में मोदी, अब पोस्टर दिखलाय।।
पूरे विश्व में हाथी, केवल झारखण्ड में भाई।
पूंछ उठाकर- सूड़ हिलाकर, दीखे गगन-उड़ाई।।
हा-हा करती जनता बोले, ये क्या चक्कर भाई।
क्या हाथी उड़ा है अब तक, जो सरकार दिखाई।।
क्या हुआ झारखण्ड को, जनता करे सवाल।
रघुवर जी मेरी सुनो, सुनो तुम कान लगाये।।
हमें नहीं दिलचस्पी, इस समिट में यार।
जो वादे तुम हमें किये, पूरी करो ध्यान लगाये।।
(ध्यान रखें - इस दोहे को हृदय से, मन लगाकर पढ़ने से, सीएम के आस-पास रहनेवाले कनफूंकवें, भ्रष्ट अधिकारी व ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से अनुप्राणित होनेवाले जीवात्मा प्रसन्न होते है तथा आप अंत में, परम आनन्द को प्राप्त करते हुए रघुवर लोक में पहुंच जाते है। - कृष्ण बिहारी मिश्र)

Wednesday, February 8, 2017

शुक्राचार्य जायेंगे जेल...............

शुक्राचार्य जायेंगे जेल...
शुक्राचार्य ने की फर्जीवाड़ा...
अपना और अपनी पत्नी के नाम पर संयुक्त एकाउंट खुलवाया...
और पैन नम्बर किसी दूसरे का दे डाला...
स्वयं द्वारा रखे काला धन को शुक्राचार्य ने बैंक में जमा कर उसे सफेद करने की कोशिश की...
आयकर विभाग ने कसा शिकंजा...
शुक्राचार्य सकते में...
रांची के मेयर्स रोड स्थित सूचना भवन के आइपीआरडी विभाग में कार्यरत और शुक्राचार्य के नाम से कुख्यात एक अधिकारी कल से सकते में है, उसके गोरखधंधे का अब धीरे-धीरे खुलासा होना शुरु हो गया है। कल यानी 7 फरवरी की ही बात है कि पता चला कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नोटबंदी का ऐलान किया, तब इस शुक्राचार्य ने अपने पास रखे काला धन को ठिकाने लगाने के लिए स्वयं और अपनी पत्नी के नाम पर रांची के धुर्वा स्थित बैंक ऑफ इंडिया में वहां के वरीय अधिकारियों के मिलीभगत से एक नया एकाउंट खुलवाया। एकाउंट खुलवाते ही, उसने अपने पूर्व के एकाउंट और नये खुले एकाउंट में ढाई – ढाई लाख रुपये जमा करवाये, ताकि वह आयकर विभाग की आंखों में धूल झोंक सकें। आश्चर्य इस बात की है कि इस शुक्राचार्य ने एकाउंट खुलवाने के क्रम में अपना और अपनी पत्नी के आधार कार्ड की छाया प्रति बैंक में जमा करवाया और पैन नम्बर देने की जगह, अपना पैन नंबर न देकर, आइपीआरडी में ही पूर्व में कार्यरत और वर्तमान में सेवानिवृत्त महिला अधिकारी का पैन नंबर दे डाला। जब आयकर विभाग ने सेवानिवृत्त महिला अधिकारी को एसएमएस के माध्यम से पूछा कि उनके एकाउंट में पांच लाख रुपये कहां से आये? तब महिला अधिकारी का माथा ठनका और वह असहज हो गयी, क्योंकि उन्होंने नोटबंदी के दौरान किसी भी प्रकार का पैसा जमा नहीं कराया था, बाद में उक्त महिला अधिकारी ने पता लगाया कि ऐसा कैसे संभव हुआ?, तो पता चला कि शुक्राचार्य ने अपने काला धन को ठिकाने लगाने के लिए उक्त महिला अधिकारी के पैन नंबर का इस्तेमाल किया। जिसकी पोल कल यानी 7 फरवरी को खुल गयी। इस बात की जानकारी मिलते ही, बैंक के वरीय अधिकारी और शुक्राचार्य के हाथ-पांव फुल गये है, क्योंकि उन्हें समझ में ही नहीं आ रहा, कि अब आयकर विभाग को कैसे संतुष्ट किया जाय? फर्जी तरीके से किसी दूसरे के पैन नंबर का इस्तेमाल शुक्राचार्य के लिए भारी पड़ रहा है, साथ ही इस बात की भी अब जानकारी सब को हो गयी कि शुक्राचार्य के पास काला धन की राशि बड़ी मात्रा में थी, जिसे ठिकाने लगाने के लिए उसने अनेक जतन किये, अगर इसकी ठीक तरीके से जांच हो जाये, तो हो सकता है कि शुक्राचार्य, अपने और रिश्तेदारों के नाम पर खुले एकाउंट में भी काला धन जमा कराये हो।
कल यानी 7 फरवरी को पूरे सूचना भवन में, शुक्राचार्य के इस हरकत की दिन भर चर्चा होती रही। चर्चा यह भी है कि धुर्वा स्थित बैंक अधिकारी और शुक्राचार्य के बीच इस प्रकरण को लेकर तू-तू, में-में भी हुई। बैंक अधिकारी और शुक्राचार्य की दोस्ती बताई जाती है कि बहुत वर्षों से थी, जिसका गलत इस्तेमाल दोनों ने एक-दूसरे के लिए किया। फिलहाल सूचना भवन में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच कल एक ही चर्चा चल रही थी कि आखिर इतना पैसा शुक्राचार्य के पास कहां से आया? कहीं ये दो नंबर का तो पैसा नहीं? क्या शुक्राचार्य पर फर्जीवाड़ा का मुकदमा होगा? क्या शुक्राचार्य जेल जायेंगे? अगर जेल जायेंगे तो आखिर कब जायेंगे? इसी बीच शुक्राचार्य कल दिन भर मुख्यमंत्री के साथ रहनेवाले कनफूंकवों से इस प्रकरण पर मदद मांगी। कनफूंकवों ने उसे कहा है कि उसे चिंता करने की कोई जरुरत नहीं, क्योंकि वे जब तक उनके साथ है, कोई उनका बाल बांका नहीं कर सकता। कनफूंकवों द्वारा मिले इस वार्तारूपी अभयदान के कारण ही, शुक्राचार्य मुख्यमंत्री जनसंवाद केन्द्र की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार बर्णवाल के साथ बैठा रहा, पर उसका चेहरा इस दौरान भी देखनेलायक रहा, क्योंकि उसे आभास हो गया है कि अब उसकी खैर नहीं...

Tuesday, February 7, 2017

बोलिये शुक्राचार्य की जय.............

झारखण्ड के रांची स्थित सूचना भवन में आइपीआरडी में एक शुक्राचार्य है, हालांकि उसके माता – पिता ने उसका बड़ा ही सुंदर नाम रखा है, पर आप तो जानते ही है कि हमारे देश में एक नाम परिवार रखता है तो दूसरा नाम समाज रखता है। परिवार जो नाम रखता है, उसमें केवल एक ही बात निहित रहता है कि उस बालक के नाम से उसका परिचय हो जाय, जबकि समाज उस बालक के क्रियाकलापों और चरित्र के आधार पर नामकरण कर डालता है। आइपीआरडी में जो शुक्राचार्य है, उसका शुक्राचार्य नामकरण उनके क्रियाकलापों और चरित्र के आधार पर ही, वहां कार्यरत कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने कर दिया है। शुक्राचार्य भी, इस नाम को सुनकर बहुत ही प्रसन्न होता है।
बेशर्मी, कर्तव्यहीनता, मूर्खता भरे काम, सरकारी काम-काज में कैसे बैकडोर से मनपसंदीदा चीजें प्राप्त होती है?, किसी काम को कैसे लटकाया जाता है?, इन सारे कार्यों में उसे महारत हासिल है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के आस-पास रहनेवाले कनफूंकवों से इसकी खूब पटती है। यह कनफूंकवों को खूब टिप्स देता है, साथ ही आइपीआरडी में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छोटी से लेकर बड़ी गतिविधियों की जानकारी, ये मुख्यमंत्री के आस-पास रहनेवाले कनफूंकवों को दे दिया करता है (इस आधार पर आप फिल्म शोले के हरिराम नाई पात्र से इसकी तुलना कर सकते है), यहीं नहीं जब आइपीआरडी में टेंडर खुलता है तो यह अपने लोगों को टेंडर दिलवाने में रात-दिन एक कर देता है और जैसे ही उसके चाहनेवालों को टेंडर प्राप्त होता है, वह मिठाइयां बांटता और खूब अकड़ कर चलता है, साथ ही टेंडर प्राप्त करनेवालों को यह बताना नहीं भूलता कि उसी की कृपा से उसे टेंडर प्राप्त हुआ है, इसलिए टेंडर प्राप्त करनेवाला उसके प्रति हमेशा कृतज्ञ रहे, यह टेंडरप्राप्तकर्ता को इसका समय-समय पर भान दिलाता रहता है, साथ ही धमकी भी दे डालता है कि, नहीं तो वो मुख्यमंत्री के कनफूंकवों को कह देगा, जिससे उसकी परेशानी बढ़ जायेगी। टेंडर प्राप्त करनेवाला भी इस डर से शुक्राचार्य को अपनी सेहत के मुताबिक भेंट चढ़ा देता है, जिससे शुक्राचार्य आशीर्वाद के रूप में अभयदान दे देता है।
शुक्राचार्य की एक सबसे बड़ी विशेषता है कि जबसे बायोमिट्रिक एटेंडेंस बनना शुरू हुआ है तो वह आने और जाने के समय अपना अंगूठा बायोमिट्रिक सिस्टम में लगाना नहीं भूलता और उसके बाद बीच में वो कब आफिस से निकला और कब आया, आपको पता ही नहीं चलेगा। यहीं नहीं मुख्यमंत्री जनसंवाद केन्द्र की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अपना चेहरा चमकाना नहीं भूलता, साथ ही अखबारों में उसकी फोटो छपे, ये भी सुनिश्चित कराना नहीं भूलता, पर इधर कुछ दिनों से उसकी फोटो अखबारों में नहीं आ रही, क्योंकि नये निदेशक ने उससे कुछ और बड़े-बड़े काम लेना शुरु कर दिया है, क्योंकि निदेशक को लगता है कि आइपीआरडी में उसके जैसा विद्वान और कनफूंकवों का मददगार कोई है ही नहीं।
इसकी विद्वता का ही हाल था कि 23 जनवरी को जब मुख्यमंत्री रघुवर दास बजट पेश कर रहे थे तो बजट पेश करने के बाद इसने बजट की प्रति लेने के लिए पत्रकारों के बीच ऐसी व्यवस्था कर दी, जिसकी आलोचना सभी ने की। गड़बड़ियों के लिए दूसरों को दोष देना और हर अच्छे कार्यों के लिए स्वयं को प्रतिष्ठित करना इसकी यादों में शुमार है। चूंकि अभी सभी का ध्यान ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की ओर है तो नये निदेशक ने इसको अपना सबसे प्रिय व्यक्ति मानकर, कार्य करना शुरु कर दिया। हद तो यह भी है कि आजकल ये सूचना भवन में आये नये-नये पदाधिकारियों और समय-समय पर होनेवाले डीपीआरओ की मीटिंग में निदेशक के इशारे पर प्रवचन देना भी शुरु कर दिया है, जिस प्रवचन को उसके ही अधिकारी हवा में उड़ा देते है।
इसकी हरकतों से सभी परेशान है, पर कनफूंकवों के आशीर्वाद तथा नये निदेशक से उसकी मित्रता ने उसका भाव बढ़ा दिया है, जबकि दो महीने पूर्व तक इसकी हालत पस्त रहती थी, क्योंकि इसके गलत कार्यों के कारण तथा दीर्घसूत्रता के कारण शुक्राचार्य को हमेशा डांट पड़ती थी, पर इसके ढीठई ऐसी थी कि इसकी मोटी चमड़ी पर उसका असर ही नहीं पड़ता था, फिर भी आजकल ये स्वयं को निदेशक से कम नहीं समझता, कभी-कभी तो वह यह भी कह देता है कि वह निदेशक से कम है क्या?, क्योंकि जितना वेतन निदेशक को मिलता है, उससे कम तो उसे भी नहीं मिलता...

Friday, January 27, 2017

और एक-एक कर सभी नंगे हो गये...............

और एक-एक कर सभी नंगे हो गये...
ये हैं रांची के पत्रकार,
देखिये क्या कर रहे है?
ये एक निकृष्ट बैग के लिए हाय तौबा मचा रहे हैं...
मामूली बैग, जिसकी बाजार में कीमत सौ-दो सौ से ज्यादा कुछ भी नहीं...
फिर भी मुफ्त के बैग में आनन्द की प्राप्ति होती है, इसलिए वे एक मामूली बैग को लेने के लिए लूच्चे व भिखारी की तरह हरकते कर रहे हैं...
जिन्हें बैग इन पत्रकारों को देना है, वे आराम से दूर से यह दृश्य देखकर, मुस्कुरा रहे है...
शायद वे इसलिए मुस्कुरा रहे है, कि जो काम कोई नहीं कर सका, इन्होंने कर दिया...
यानी उधर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 23 जनवरी को विधानसभा में झारखण्ड का बजट पेश किया और इधर आइपीआरडी ने पूरे विधानसभा में रांची के सभी बड़े प्रतिष्ठानों के अखबारों और चैनलों के पत्रकारों को लूच्चा व भिखारी करार दिया...
ये किसने किया, हम आपको बताते है, ये सारा श्रेय जाता है, आइपीआरडी के निदेशक राजीव लोचन बख्शी को, जिसकी खुराफाती दिमाग ने ये सारा कार्य कर दिया...
मैं पूछता हूं कि जब दीवाली में सारे पत्रकारों को मिठाई का डिब्बा, ये आइपीआरडी आराम से उनके घर तक पहुंचाता है, तो क्या यह एक मामूली बैग, जिसके लिए विधानसभा में पत्रकार भिखारियो की तरह हरकतें कर रहे हैं, उनके घर तक नहीं पहुंचा सकता था...
मेरा उत्तर है, पहुंचा सकता था, पर इसने ऐसा नहीं किया,
क्योंकि आइपीआरडी के निदेशक राजीव लोचन बख्शी को, तो विधानसभा में पत्रकारों को नंगा करना था, उसने कर दिया और पत्रकार नंगे हो गये, जरा देखिये नीचे में एक फोटो, जिसमें आइपीआरडी का निदेशक राजीव लोचन बख्शी, कैसे पत्रकारों के इस बेशर्मी वाली हरकतों को देखकर मुस्कुरा रहा है...
कमाल
है, सब की इज्जत की मिट्टी पलीद करनेवाले ये अखबार और चैनलवाले अपनी इस गंदी हरकतों को न तो छापे और न ही दिखाया, शायद उन्हें लगा कि छापेंगे और दिखायेंगे तो उनकी इज्जत चली जायेगी, अरे तुम्हारी इज्जत है कहां कि जायेगी, जनता तो तुम्हें खूब अच्छी तरह जानती है कि तुम क्या हो?

Friday, January 6, 2017

सभी को मेरा प्रणाम स्वीकार हो..........

4 जनवरी 2017 को मैंने फेसबुक पर अपना स्टेटस डाला -
“आज मेरा सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग में अंतिम दिन है...सभी को मेरा प्रणाम स्वीकार हो...”
जिसे हमारे फेसबुक के मित्रों ने जिनकी संख्या 251 है, अब तक लाइक किया है, इनमें आठ दुखी है, जबकि दो परमानन्दित है, कई लोगों ने अपने कमेंट्स में हमसे इस संबंध में सवाल पूछे है, कई ने अपनी भावनाओं को नाना प्रकार से हमारे समक्ष रखा है। कुछ लोगों ने हमारे मोबाइल पर हमसे पूछ डाला कि आखिर ऐसा क्यूं?, आज भी कुछ लोग हमसे मिलने आये, कि आखिर क्यूं?, हमें लगता कि हमें सभी के प्रश्नों का जवाब दे देना चाहिए, इसलिए सर्वप्रथम हम उन सभी महानुभावों का हृदय से आभार प्रकट करते है, जिन्होंने हमसे सवाल किये...
और अब सवाल का जवाब...
उत्तर दीर्घउत्तरीय है, इसलिए ध्यान से पढ़े...
ऐसे तो हमें कोई बांध कर नहीं रख सकता, सिवाय ईश्वर के...
मैं ईश्वर का गुलाम हूं, वो मुझे जहां चाहे, वहां रखे...
ऐसे भी मैं इस दुनिया में उसी के द्वारा भेजा गया हूं, इसलिए हमारा ख्याल उसे ही रखना होगा...
मैं उससे झगड़ भी नहीं सकता कि वो हमें ऐसा क्यों बनाया कि मैं ज्यादा दिनों तक कहीं टिकता ही नहीं...
अगर मैं कहीं ज्यादा टिका हूं, तो वह है ईटीवी जहां करीब पौने नौ साल कार्य किये, वह भी गुंजन सिन्हा जैसे लोगों के कारण, हालांकि उनसे भी हमारी जबर्दस्त मुठभेड़ उस दौरान हुई, और मुठभेड़ कराने में वे लोग उस दिन ज्यादा सक्रिय थे, जिन्हें हमें रांची में दीखने में बहुत ज्यादा कष्ट होता था, हालांकि इसका लाभ उन्होंने उठाया...
इसके पूर्व दैनिक जागरण में धनबाद व मोतिहारी में भी योगदान दिया था, दैनिक जागरण में मात्र डेढ़ साल रहा, वहां हमें पत्रकारिता का गूढ़ रहस्य देखने को मिला, सारी पत्रकारिता संबंधी भ्रांतियां और तथाकथित मूल्य पहली बार वहीं धूल-धूसरित दीखे...
इसके पूर्व अनुमंडलीय संवाददाता के रूप में थोड़े दिन प्रभात खबर, हिन्दुस्तान, आर्यावर्त, आज और इसके पूर्व आकाशवाणी पटना में आकस्मिक उद्घोषक के रुप में भी योगदान दिया...
इधर ईटीवी छोड़ने के बाद मौर्य टीवी से जुड़ा, जहां मात्र पांच महीने ही रहा, जहां पत्रकारिता जगत के महान विभूतियों की लीलाएं देखी। बाद में न्यूज 11, कशिश, जीटीवी, न्यूज इंडिया से भी जूड़ा और यहां भी ज्यादा दिनों तक टिक नहीं सका।
शायद यहीं कारण रहा कि धनबाद के एक अनन्य मित्र हरि प्रकाश लाटा जी ने लिखा कि “हम सोच रहे थे इस बार तो आपका रिकार्ड टूटेगा। आप यहां टिकेंगे। आपके पैरों के एड़ी के आसपास कोई तिल है क्या? जरा देखिएगा तो। हमारी शुभकामनाएँ। वैसे भी ईश्वर की तो असीम कृपा है आप पर !”
जो लोग मुझे जानते है, सो जानते है, कुछ लोग जो हमें जानने का दिखावा भी करते है, और जब उनके म्यानों में नहीं फिट बैठता हूं तो फिर वो अपने ढंग से हमें एवार्ड दे देते है, मुझे इसकी परवाह भी नहीं होती, क्योंकि मैं जो भी कुछ बोलता हूं, करता हूं...डंके की चोट पर बोलता हूं व करता हूं...
क्योंकि मुझे न तो कल सुख की लालसा थी और न आज ही है...
मुझे अपने ईश्वर पर पूरा भरोसा है, वो मुझे हर अवस्था में जो मुझे चाहिए, इतनी व्यस्तताओं के बावजूद हम तक पहुंचा देता है...
और अब बात आइपीआरडी की...
19 जून 2015 को मैं घर पर बैठा था कि आइपीआरडी के निदेशक अवधेश कुमार पांडेय जी का फोन आया, कि एक किताब तैयार करनी है, राज्य सरकार के लिए। उसमें मैं सहयोग करूं। अवधेश कुमार पांडेय जी हमको पटना से जानते थे, जब मैं वहां अनुमंडलीय संवाददाता के रूप में कार्य करता था। चूंकि मैं घर पर बैठा था, आइपीआरडी आकर उनसे मिला। किताब तैयार हो गयी। इसी बीच उन्हें एक व्यक्ति की तलाश थी, कि जो सरकार के विज्ञापनों और सरकार के कई क्रियाकलापों को जन-जन तक पहुंचाने में संचार के विभिन्न आयामों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उसमें मैंने ईमानदारी से अपनी भूमिका निभाई, पर जैसे-जैसे दिन बीतते गये, मैं कई लोगों को खटकने लगा। कई लोगों ने हमारी झूठी शिकायत मुख्यमंत्री रघुवर दास और उनके आस-पास रहनेवाले महानुभावों को विभिन्न तरीकों से पहुंचाई। उन्होंने हमारे ब्लॉग और फेसबुक में सरकार के विरूद्ध लिखी गई बातों का हवाला दिया। इनमें मुख्य भूमिका आईपीआरडी के असंतुष्ट अधिकारियों की भी थी, जो काम तो कुछ नहीं किया करते पर शिकायत का पुलिंदा लेकर मुख्यमंत्री आवासीय सचिवालय में कार्यरत सीएम के खास लोगों तक जरूर पहुंचाते।
जिसके कारण मुझे 5 जनवरी 2016 को मुख्यमंत्री सचिवालय तलब किया गया। जहां मैंने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी, कि मैं अपना स्वभाव नहीं छोड़ सकता। इसी बीच मैं काम करता रहा, लोगों ने अपनी आदतें नहीं छोड़ी, वे अपना काम करते रहे, और मैं ईमानदारी से जो काम मिलता करता रहा।
आज मुझे गर्व है कि यहां मात्र डेढ़ साल में, ईश्वर ने मुझसे वह काम कराया, जिसका मुझे विश्वास ही नहीं था। ईश्वर ने हमसे बहुत ही शानदार कार्य कराये है, जो झारखण्ड के लिए मील का पत्थर साबित हो रही है... वो क्या है? इसके बारे में मैं कुछ भी लिखना, यहां नहीं चाहता, ये तो वक्त बतायेगा?
इसके लिए मैं आभारी हूं, निदेशक – अवधेश कुमार पांडेय जी का, जिन्होंने मुझसे इतना बढ़िया काम करा लिया।
अंततः चूंकि मुझे अवधेश कुमार पांडेय ने ही आइपीआरडी के लिए नियुक्त किया था। राज्य सरकार ने उनकी जगह अब राजीव लोचन बख्शी को नया निदेशक नियुक्त किया है, ऐसे में मुझे अब यहां रहना उचित नहीं लगता, क्योंकि मुझे मुख्यमंत्री रघुवर दास ने तो रखा नहीं और नहीं उनके मातहत किसी ने मुझे आईपीआरडी के लिए नियुक्त किया है और नहीं कोई मेरे पास कोई ऐसा पत्र है, जिसके आधार पर मैं ये कह सकूं कि मैं आईपीआरडी का सदस्य हूं। इसलिये नीति कहती है कि अब मुझे यहां नहीं रहना चाहिए, और न ही रहूंगा। अब मैं पूर्णतः स्वतंत्र हूं।
अब मैं खुलकर लिखूंगा, जनहित में लिखूंगा...
किसी की परवाह नहीं...
देखते है, अब ईश्वर, मुझे कहां ले जाता है...
जहां भी ले जायेगा, मुझे उसकी हर आज्ञा मंजूर है, क्योंकि मैं आज जो भी हूं उसी की कृपा से तो हूं...