Showing posts with label होली. Show all posts
Showing posts with label होली. Show all posts

Wednesday, March 27, 2013

जब आप होली के मूलस्वरुप को अर्थात् कृष्ण को अपनायेंगे, तब न तो रंग और न ही गुलाल की आवश्यकता पड़ेगी........

सारा भारतवर्ष होली के रंग में रंगने को तैयार हैं। कई होली के रंग में रंग चुके हैं तो कई इसके लिए तैयारी कर रहे हैं। वो इंतजार कर रहे हैं, एक निश्चित समय का। जब वो होली के आनन्द में डूबकी लगायेंगे। पर सच्चाई ये हैं कि होली वहीं मनाता हैं जो कृष्ण के समीप हैं, जो कृष्ण के समीप ही नहीं, वो होली का आनन्द क्या लेगा। आज तो सारा भारतवर्ष जलसंकट से जूझ रहा हैं, कई लोग तिलक होली खेलने की वकालत कर रहे हैं और पानी बचाने का इसे एकमात्र उपाय बता रहे हैं, तो कई ने होली नहीं खेलने का फैसला किया हैं। होली नहीं खेलने का तर्क भी, उन्होंने बहुत अच्छा ढूंढ निकाला हैं। उनका कहना है कि होली में पानी बेतहाशा खर्च होता हैं, नष्ट होता हैं। इसलिए वो होली नहीं खेलेंगे। जबकि सच्चाई ये हैं कि होली के समय ऐसा तर्क देनेवाले अन्य दिनों में जल संरक्षण पर ध्यान ही नहीं देते। कभी - कभी मैं सोचता हूं कि
क्या होली, एक दूसरे को रंग लगाने का नाम हैं
क्या होली, एक दूसरे के गालों पर गुलाल मलने का नाम हैं
क्या होली, एक दूसरे को तंग करने या एक दूसरे को देख लेने का नाम हैं
उत्तर हैं - नहीं।
होली तो इन सबसे अलग प्रभु के हृदय में स्थान पाने का नाम हैं। होली तो उन सबको गले लगाने का नाम हैं, जो किन्हीं कारणों से हमसे बहुत अलग हैं, जो समाज के मुख्यधारा से कटे हैं, जिन्होंने संसार के प्रमुख उपभोग करनेवाली वस्तुओं का सेवन तक नहीं किया। उन्हें अपने घर बुलाकर, स्वयं से अहंकार को दूर कर, प्रभु का हो जाने का नाम हैं। जब - जब होली आती हैं, लोग प्रह्लाद और होलिका की कथा को याद करते हैं, पर भूल जाते हैं कि प्रह्लाद और होलिका दोनों एक प्रतीक हैं। प्रह्लाद धर्म का तो होलिका अधर्म की प्रतीक हैं। आश्चर्य इस बात की भी कि प्रह्लाद और होलिका एक परिवार से हैं। होलिका प्रह्लाद की बुआ हैं। वो प्रह्लाद को मार डालना चाहती हैं, फिर भी प्रह्लाद बच कर निकल जाता हैं। प्रह्लाद का बचकर निकलना, होलिका का जल जाना- क्या संदेश देता हैं। संदेश वहीं हैं। धर्म हमेशा विजयी होता हैं, अधर्म सदैव हारता हैं। ये कथा बड़े ही सरल शब्दों में ये भी संदेश देती हैं कि अधर्म से आपको घर में भी जूझना पडे़गा, ये आपके उपर निर्भर करता हैं कि आप अधर्म से कैसे लड़ते हैं, उस पर कैसे विजय प्राप्त करते हैं या अधर्म के आगे नतमस्तक हो जाते हैं। वो कहते हैं न कि जीने के दो मार्ग हैं, एक धर्म का और दूसरा अधर्म का। ये आपके उपर निर्भर करता हैं कि आप किस मार्ग को अपनाते हैं। आप होली के दिन रंग-गुलाल लगाये अथवा नहीं लगाये पर जब आप समाज के मुख्यधारा से कटे लोगों को हृदय लगाते हैं तो होली को बहुत फर्क पड़ता हैं। वो फर्क ये हैं कि इससे समाज बनता हैं, देश बनता हैं और होली के एकात्मता, मानवीय मूल्यों और धर्म के मूलस्वरुप की पहचान हो जाती है......................
जायसी हो या रसखान या रहीम, सभी ने कृष्ण को पहचाना और वे आजीवन होली के रंग में डूबे रहे
याद करिये रहीम मानवीय मूल्य रुपी रंग को कैसे परिभाषित करते हैं............
जे गरीब पर हित करे. ते रहीम बड़ लोग
कहां सुदामा बापूरो, कृष्ण मिताई जोग
मीरा तो कृष्ण के सांवले सलोने रुप पर इतनी बलिहारी होती हैं, वो कृष्णरुपी भक्ति रंग में ऐसे डूबी कि वो बार - बार यहीं कहती रही
श्याम पिया, मोरी रंग दे चुनरियां...........यहीं नहीं वो तो इससे भी अलग कह डालती हैं, वो क्या, जरा मीरा के शब्दों में सुनिये
अपने ही रंग में, अपने ही रंग में, रंग दे चुनरिया, श्याम पिया मोरी रंग दे चुनरिया................
हमें लगता हैं कि कृष्णरुपी भक्तिरंग, धर्म स्वरुपी विलक्षणरंग में जो रंग जाता हैं, उस पर कोई अन्य रंग चढ़ ही नहीं सकता और जिस पर अन्य रंग नहीं चढ़ता, वो कृष्ण का हो जाता हैं, तो हम क्यों नहीं कृष्ण के आचरण को अपनाते हुए, धर्म को धारण करते हुए, इस होली को मनाये। हमें नहीं लगता कि इस प्रकार की होली खेलने में, रंग और गुलाल की भी आवश्यकता पडे़गी और फिर कोई कह नही पायेगा कि वो जल संरक्षण के लिए, इस बार तिलक होली खेलेगा या होली नहीं खेलेगा। जरुरत हैं, होली के मूलस्वरुप को समझने की, जो हम भूलते जा रहे हैं...........................

होली तो प्यार बांटने का नाम हैं..........................

फिर होली आ गयी। लोग फिर रंग-गुलाल अपने घरों में लायेंगे। एक दूसरे को लगायेंगे। होली हैं....कहकर शोर मचायेंगे। पुए-पकवान खायेंगे। आजकल तो एक नया फैशन भी चला हैं। कई घरों में मुर्गे-मुर्गियां हलाक होंगे। बकरें भी काट दियें जायेंगे, लोग होली हैं..........कहकर इठलायेंगे, बलखायेंगे और लीजिये मन गयी होली...................। क्या सचमुच होली इसी का नाम हैं। बचपन से लेकर आजतक होली के इस रंग ने मेरे मन को व्यथित किया हैं जिसे मैंने कभी स्वीकार ही नहीं किया। क्योंकि भारतीय वांगमय तो सदियों से यहीं कहता आया हैं...........................
........
होली तो प्यार बांटने का नाम हैं
होली तो एक दूसरे को गले लगाने का नाम हैं
होली तो स्वीकार्यता का दूसरा नाम हैं
होली तो एक दूसरे में समा जाने का नाम हैं
पर शायद ही ऐसे भाव अब होली के दौरान, देखने को मिलते हो। एक दिन, एक बच्चे ने मेरे पास आकर कहा - भैया, हम होली खेलेंगे। मैंने कहा - हां हां, खेलो होली। वो अपने दोनों नन्हीं-नन्ही हाथों में लाल रंग लगाकर आया और मेरे गालों पर लगाकर, खिलखिलाकर होली हैं-होली हैं, कहता हुआ भाग खड़ा हुआ। मैं कुर्सी से उठा और अचानक आइने के पास पहुंच अपने चेहरे को देखा, तो मुस्कुराएं बिना नहीं रह सका। बच्चे की छोटी छोटी अंगूलियों और हथेलियों से चेहरे पर लगे रंगों के भाव कुछ कह रहे थे।
वाराणसी के विद्वान प्रो. सुधाकर दीक्षित आजकल एक - दो वर्षो से रांची में रह रहे हैं। उनसे कुछ दिन पहले होली क्यों विषय पर लंबी बातचीत की। बातचीत के दौरान, उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि भारतीय पर्व त्योहार ऐसे ही नये मनाये जाते। ये पर्व त्यौहार केवल खाने-पीने तक ही सिमटे नहीं रहते, बल्कि ये एक सुंदर संदेश भी देते हैं। ये कहकर कि इन संदेशों को आत्मसात करोगे तभी आप पर्व - त्यौहारों के परम आनन्द कौ प्राप्त कर सकते हो, अन्यथा भौतिक आनन्द को ही गर आनन्द आप समझते हो तो फिर कोई बात ही नहीं।
भारतीय वांग्मय कहता हैं कि होली, वहीं मनाता हैं, जो अपने से दीन-हीन अवस्था में रह रहे, अपने समाज के लोगों को आज के दिन आत्मसात करता हैं। जो समाज व देश के प्रति प्रेम का रंग अपने हृदय में भरता हैं। जिसके हृदय में लेशमात्र भी कटुता का भाव प्रकृति व सत्य के प्रति नहीं रहता। जरा हिरण्यकशिपु को देखिये वो सत्य के प्रतीक प्रह्लाद को मिटा देना चाहता हैं। वो इसके लिए अपनी बहन होलिका का सहारा भी लेता हैं। इसी दौरान होलिका जलकर मर भी जाती हैं, फिर भी उसका दंभ नहीं मिटता, पर प्रह्लाद तो प्रह्लाद हैं, उसके कण-कण में आह्लाद हैं, भला, उसके आह्लाद को कौन मिटा सकता हैं। सत्य अंततः जीतता हैं, क्या इस सत्यरुपी रंग को असत्य कभी मिटा सकता हैं। उत्तर होगा - नहीं। तब ऐसे हालात में असत्य को धारण कर, राक्षसी प्रवृत्तियां अपना कर लोग किस प्रकार का आनन्द प्राप्त करना चाहते हैं।
एक उदाहरण, जो फिलहाल होली के दौरान ही दीख रहा हैं। मार्च का महीना हैं। संभवतः 31 मार्च को क्लोजिंग डेट भी होता हैं। मैंने कई लोगों को देखा हैं, अभी से ही दिमाग लगा रहे हैं कि इस बार आयकर के रुप में उनके कमाई की राशि नहीं कटे। असत्य का सहारा भी उन्होंने जमकर लिया हैं। संभव हैं, ये पकड़े भी नहीं जायेंगे, पर हृदय के किसी कोने में बैठा परमेश्वर अथवा सत्य, उसे इस गलत कार्यों के लिए, क्षमा करेगा या वो इस गलत कार्यों में संलिप्तता होने के बावजूद आनन्द की प्राप्ति कर पायेंगे। उत्तर होगा - नहीं। क्योंकि आनन्द तो सिर्फ सत्य के पास होता हैं। असत्य को आनन्द कहां। जो देश के लिए अपनी आय की राशि का एक हिस्सा ईमानदारी से नहीं दे सकता। वो देश के लिए तन और मन को कैसे उत्सर्ग करेगा। जो ऐसा नहीं कर पायेगा। वो होली कैसे मनायेगा। होली तो मनाया कबीर ने, ये कहकर..............
मन लागा मेरा यार फकीरी में,
जो सुख पाउं राम भजन में,
वो सुख नाहीं अमीरी में,
भला बुरा सबका सुन लीजै
कर गुजरान,गरीबी में
मन लागा, मेरा यार फकीरी में..................
अर्थात, जो सत्य को धारण करेगा, उसे ही सुख प्राप्त होगा, उसे ही राम मिलेंगे, असत्य को प्राप्त कर न तो राम मिलेंगे और न ही कोई परम आनन्द को प्राप्त कर पायेगा। परम आनन्द को प्राप्त करने का नाम ही होली हैं। स्वयं को परमात्मा के अधीन कर, सत्य का आश्रय ले, सब को परम आनन्द देने का नाम ही होली हैं................................

Thursday, March 8, 2012

राशिफल -- होलियाना


होली की ढेर सारी शुभकामनाएँ -----------------

1.मेष -- मेषवालों के लिए खुशखबरी हैं, उनके लिए होली का ये सप्ताह खुशियों से भरा होगा। दही की पोटलियां उनके माथे पर पच पच करने के लिए मचल रही है, यहीं नहीं दोनों हाथों में सालियों द्वारा मिले रसगुल्ले कमाल दिखायेंगे, ये रसगुल्ले स्वतः विस्फोट कर, आपको और आपकी शाली दोनों के गालों को लाल कर देंगे, ठीक उसी तरह जैसे यूपी में समाजवादी पार्टी के नेता और मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार अखिलेश यादव के गाल लाल हैं।

2. वृष - शनि की साढ़ेसाती आपको चैन से इस बार रहने नहीं देगी। बेलनयोग कमाल दिखायेगा। आप अपनी पत्नी के बेलन से सावधान रहे, क्योकिं हो सकता हैं कि ये कभी बेलनपात कर, आपकी समस्याओं को और बढ़ा दे। कृपया होली खेलने के पहले आप अपने सर की सुरक्षा अवश्य कर लें। सलाह दी जाती हैं कि होली के दिन आप पत्नी की कोप से बचने के लिए, ओम् पं पत्नये नमः का आठ बार जप करें।

3. मिथुन - आप आज ही से पढ़ना छोड़ दे, क्योकि आप बिना पढ़े ही होली के प्रभाव से पास कर जायेंगे। सलाह -- मूरखों के संग रहकर आप अपना ज्ञान बढ़ाये और इस ज्ञान से अपना और अपने प्रदेश का मान बढ़ाये। होली के दिन करेले का रस व नीम का रस मिलाकर मालपुआ खाये और अपनी साली की तीन बार प्रदक्षिणा करें।

4. कर्क - कर्क वालों के राहु की वक्री गति बम बम करनेवाली हैं। घर में बिना हाथ चलाये मालपूओं की बरसात होनेवाली हैं। पर केतु की मार्गी गति परेशान करेगी, क्योंकि माल महराज की मिर्जा खेले होली वाली कहावत आपके यहां चरितार्थ होनेवाली हैं। आपकी पत्नी, दूसरों के साथ होली खेलने के लिए अभी से मचल रही हैं, उन पर ध्यान दें, नहीं तो आप परेशानी में पड़ सकते हैं।

5. सिंह -- सिंह राशि वाले गजब ढायेंगे। यूपी के मुलायम सिंह की तरह बिना हाथ - पांव चलाये सीएम की कुर्सी तक पहुंच जायेंगे, पर याद रहे कि मायावती की राशि भी सिंह हैं। लेने के देने भी पड़ सकते हैं। इसलिए ज्यादा उंची ख्वाब देखने के पहले मायावती का आठ बार जरुर ध्यान करें। अच्छा रहेगा की हाथी पर बैठ कर होली खेलने के बजाय इस बार टूटी फूटी साईकिल से ही काम चलाये। सलाह -- जिनकी सालियां हैं वे अपनी सालियों को साइकिल पर बिठाकर, शहर की चार चक्कर लगाये, सभी मनोकामनाएं पूर्ण होगी।

6. कन्या - कन्या राशि वाले, इस बार कन्याओं पर विशेष ध्यान दें। हो सके तो कन्याओं पर अपना प्यार लुटाएं। गर कोई कन्या आपके पास आती हैं तो उसे अपने हृदय के सिंहासन पर बिठाकर, हाल चाल पूछे। कन्या के दिल में झांककर अपना पोजीशन सुनिश्चित करें। खुद मालपुआ खाएं, उन्हें खिलाएं। पर याद रखें -- कन्या का भोग लगाया मालपुआ गर खाया तो जीवन धन्य..........नहीं तो गये काम से.

7. तुला -- तुला राशि वाले गये काम से। ठीक वैसे, जैसे राहुल भैया को कोई पूछ नहीं रहा। वैसा हाल होने जा रहा। कोई लड़कियां रंग लगाने को नहीं आयेंगी, रंग के लिए तरस जायेंगे। सलाह -- खुद ही काला रंग ले और अपने मुंह में लगाकर, चार बार -- अमेठी का चक्कर लगाये। अगली इलेक्शन में मनोकामना जरुर पूरी होगी.. तब तक आप ओम् मुलायमाय नमः का जप करते रहे, ऐसे में शादी भी हो जायेगी और सब ठीक हो जायेगा।

8. वृश्चिक -- गर आप लड़की हैं तो सोचना नहीं हैं। लड़का हैं तो बड़ी गड़बड़ी हैं। लड़कियां बिच्छु बन कर लड़कों को डंक मारेगी। सारे अरमान लड़कों के धरे के धरे रह जायेंगे। लड़कियां मस्ती में रहकर फिल्मी गाने गायेंगी -- गाने के बोल होंगे -- लड़की चले जब सड़कों पे आये कयामत लड़कों पे। इसलिए लड़के को सलाह दी जाती हैं कि अपनी गर्लफ्रेंड के चक्कर से अभी दूर रहे। गर होली खेलने के लिए कोई गर्लफ्रेंड बुलाये तो अपना आगे - पीछे जरुर देख लें, क्योंकि जीत तो लड़कियों की ही होगी।

9. धनु -- धनु राशिवालों के लिए फिफ्टी फिफ्टी. पत्नी सर पर गोले दागेगी, बेलन की बरसात करेगी और साली हर प्रकार के सुख देने के लिए तैयार रहेगी। जिनकी साली नहीं हैं, उनके लिए बुरी खबर हो सकती हैं, क्योंकि साली वाले, उनके सामने ही बैठकर प्रेमालाप कर उन्हें जलाने की कोशिश करेंगे। जिनकी शादी नहीं हुई, वो घबराएं नहीं, आस पड़ोंस से आप काम चलाये........पर ध्यान रहे जिनके साथ इस बार आप काम चलायेंगे.. उसी से आप की आंखे भी चार हो जायेगी।

10. मकर -- मकर वाले ध्यान दें। होली की शुरुआत से लेकर बुढ़वा मंगल तक मगरमच्छ की तरह सोने की कोशिश करें। किसी नदी या समुद्र के पास जाकर मगरमच्छ का दर्शन करें और मगर पर बैठकर कम से कम एक किलोमीटर की यात्रा करे.......अगर मगरमच्छ नहीं मिले तो अपनी सास को ही मगरमच्छ समझकर चार बार प्रदक्षिणा करें क्योंकि समय बहुत खराब चल रहा हैं, ठीक उसी तरह जैसे सोनिया गांधी का समय खराब चल रहा।

11. कुम्भ -- कुम्भ राशि वाले ध्यान दे। होली की सुबह तीन घड़ों में तीन प्रकार का रंग भरकर, अपनी साली को घटदान करें और फिर उसी घड़ें के रंग से अर्द्धरात्रि में साली और स्वयं होली खेले। हर प्रकार की मनोकामना पूर्ण होगी। पूरा साल बम बम रहेगा..............

12. मीन -- मीन राशि खूब खाये, खूब खिलाएं। भांग की मस्ती में डूबकर, चार हिन्दी फिल्मी नायिकाओं का, खासकर मल्लिका शेरावत और सेलिना जेटली को हृदय में धारण कर विधिवत पूजन करें..........पूजन के बाद.. पास पड़ोंस की भाभियों को जमकर गुलाल लगायें और मालपूएं खाएँ.... पर याद रहे भाभियों को मालपूएं खिलाते समय मालपूएं का रस....अन्यत्र न गिरे.................

Thursday, March 31, 2011

बिहार, मीडिया और बारबालाएं….!

होली बीते कुछ ही दिन बीते हैं, लेकिन होली के दिन और उसके पहले अथवा होली के बाद, जो मीडिया में होली को केन्द्रित बारबालाओं के उपर बिहार से संबंधित समाचार आये। वो चौकानेवाले तो नहीं, पर चिंतन करनेलायक जरुर थे। ज्यादातर मीडिया ने खुलकर दिखायें कि बिहार में होली की संस्कृति को कैसे तार – तार कर यहां के अधिकारी बार बालाओं के डांस का आनन्द ले रहे हैं। किसी ने आधे घंटे तो किसी ने इस पर एक घंटे का विशेष चला दिया तो किसी ने अपने फोन नंबर प्रसारित कर दिये कि दर्शक इस पर अपना विचार दे दे। ये वे लोग थे, जो बंद कमरों में वीडियो चलाकर, एडल्ट फिल्में देखने अथवा विभिन्न वेवसाईटों पर एडल्ट साईट देखने पर शर्म महसूस नहीं करते अथवा मुन्नी बदनाम हुई या शीला की जवानी फिल्मों पर डांस करने से ग़ुरेज नहीं करते और न ही मुन्नी बदनाम हुई अथवा शीला की जवानी जैसे गाने इन्हें अश्लील लगती हैं, पर जैसे ही कोई लड़कियां अथवा बार बालाएं इन्हीं गीतों पर चौक चौराहों पर डांस कर रही होती हैं तो इन्हें उसमें अश्लीलता, बिहार की संस्कृति पर चोट जैसी चीजें दिखाई पड़ने लगती हैं। कमाल है – बात वहीं हुई, चलनी दूसे सूप के, जिन्हें बहत्तर छेद। यहीं नहीं बिहार के किसी किसी इलाकें में तो कई अधिकारियों ने बिहार दिवस और होली का एकसाथ आनन्द लिया, इन्होंने देखा कि जब बिहार दिवस मनाना ही हैं, नाच – गाना करना ही हैं, पैसा सरकारी खर्च होना ही हैं तो फिर क्यूं न बहती गंगा में हाथ धो लिया जाय, इसलिए कई लोगों ने अपने कार्यालय में ही बारबालाओं को बुलाकर गीत संगीत का आनन्द लिया, उन पत्रकारों को भी बुलाएं जिनकी इसमें गहरी रुचि हैं, इन पत्रकारों ने भी जमकर रुचि ली और ठुमके लगाये पर ठुमके लगाने के बाद जैसे ही उन्हें पत्रकारिता की याद आयी तो इसे अपने चैनलों तक भेज दिया ताकि इसके आधार पर कुछ कमायी भी हो जाये। इधर डेस्क पर बैठे लोगों ने देखा कि ये तो समाचार हैं, बिकनेवाला आयटम हैं, तो उन्होंने बिहार की संस्कृति और अश्लीलता पर दिखाकर लगे व्याख्यान देने, जिन्हें अश्लील साईट और अश्लील फिल्में देखने का शुरु से ही शौक रहा हैं।
ऐसे तो हमारे देश में इस प्रकार के गीत और संगीत अथवा नृत्य कोई पहली बार नहीं हुए हैं, हमेशा से चलते रहे हैं, जिनकी जो पसंद हैं, उसमें रुचि लेकर वे डूवकी लगाते हैं, पर इन बार – बालाओं के माध्यम से पूरे देश के घरों में चुपके से दिखाने का कुकर्म और प्रयास किसने किया ये तो भारत के और बिहार के इलेक्ट्रानिक मीडिया में काम करनेवाले मान्यवर ही बेहतर बता सकते हैं, पर किया क्या जाये। का पर करहू शृंगार, पुरुष मोर आन्हर।
आश्चर्य इस बात की है – कि क्या मुन्नी बदनाम हुई और शीला की जवानी में अश्लीलता नहीं हैं, फिल्म खलनायक में चोली के पीछे क्या हैं, क्या ये अश्लील नहीं हैं। होता तो ये हैं कि सदियों से लोग अश्लीलता को अपनी अपनी आंखों से नापते और देखते हैं और उसके बाद व्याख्यान देते हैँ और इसके बाद शुरु होता हैं एक दूसरे को नीचा दिखाने का आरोप प्रत्यारोप। हालांकि इसका असर कुछ होता नहीं हैं। भले ही जहां बार बालाओं के डांस हुए, बिहार सरकार ने उन अधिकारियों पर गाज भी गिराये पर क्या इस प्रकार के गाज गिराने से उन अधिकारियों के चरित्र सुधर जायेंगे।
हुआ तो ये हें कि पूरे देश के गांव व शहरों के कुएं और तालाब, नदियों और सागरों में भांग पड़ गयी हैं। सभी इसमें से एक लोटा जल निकालकर स्वयं को तृप्त कर रहे हैं, ऐसे में अश्लीलता पर कोई टिप्पणी करें तो हमें आश्चर्य लगता हैं. भाई, जब महर्षि विश्वामित्र, मेनका के आगे झूक सकते हैं, जब महर्षि पराशर, सत्यवती के रुप लावण्य को देख मोहित हो सकते है तो ये बार बालाएं किस मर्ज की दवा हैं। ये तो सामान्य लोगों को अपने रुप सौंदर्य और लटकों – झटकों से सिर्फ उनके दिलों को मरहम लगा रही होती हैं। अरे याद करिये – भोजपुरी गायक बलेसर को, जो कहते हैं -- काशी में माजा, न काबा में माजा, न ही माजा बरसाने में, अरे तीन बजे आके जगइहे पतरकी सुतल रहब खरियानी में....................
इसी से पता लग जाता हैं कि सामान्य लोगों की पहली पसंद और आखिरी पसंद क्या हैं। कोई भी व्यक्ति आनन्द की खोज में हैं, पर वो आनन्द उसे कहां मिल रहा हैं, किस रुप में मिल रहा हैं, जिसे वो प्राप्त करने की कोशिश कर रहा है, उसे वो लेकर रहेगा, चाहे आप झूठी व्याख्यान देकर स्वयं को स्वामी इलेक्ट्रानिकानंद अथवा प्रिंटानंद की उपाधि से विभूषित होने का मन में ख्याल ही क्यूं न रखे.